एसडीओपी शर्मा का पिछोर थाने का रात्रि में औचक निरीक्षण, अपराध नियंत्रण को लेकर सख्त निर्देश

MP DARPAN
0

शिवपुरी। अपराधों की रोकथाम एवं कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के निर्देशन में 20-21 दिसंबर की रात्रि एसडीओपी पिछोर प्रशांत शर्मा द्वारा थाना पिछोर का औचक निरीक्षण किया गया। रात्रि के समय अचानक पहुंचे एसडीओपी ने न केवल थाना परिसर का गहन निरीक्षण किया, बल्कि रात्रि गश्त में लगे बल की कार्यप्रणाली को भी बारीकी से परखा।

निरीक्षण के दौरान रात्रि ड्यूटी पर प्रआर भगवती एवं आरक्षक हेमंत बाथम थाने पर उपस्थित पाए गए। एसडीओपी द्वारा थाने के समस्त महत्वपूर्ण रजिस्टरों को चेक कर आवश्यक टीप अंकित की गई तथा अभिलेखों के संधारण को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए। थाना हवालात की भी जांच की गई, जहां कोई बंदी नहीं पाया गया। इसके साथ ही थाना परिसर में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों को चेक किया गया, जो पूर्ण रूप से चालू एवं सुचारू पाए गए। रात्रि गश्त के महत्व को रेखांकित करते हुए एसडीओपी श्री शर्मा ने गश्त में लगे चौकी प्रभारी हिम्मतपुर धर्मेंद्र गुर्जर एवं बल को सतर्कता के साथ नियमित पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई, लंबित वारंटों की शीघ्र तामीली तथा अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के निर्देश दिए। अंत में थाना परिसर की साफ-सफाई एवं व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए एसडीओपी ने अनुशासन, सजगता और जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top