पूर्व विधायक स्व. रामसिंह दादा की स्मृति में आयोजित हुआ शिविर
शिवपुरी। समाजसेवा और स्वास्थ्य जागरूकता की दिशा में तथागत फाउंडेशन ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए कोलारस विधानसभा क्षेत्र के ग्राम खतौरा में वृहद नि:शुल्क कैंसर रोग निदान शिविर का आयोजन किया। यह शिविर पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ जननेता स्व. रामसिंह दादा की स्मृति में गायत्री शक्तिपीठ परिसर में आयोजित किया गया, जिसमें 186 ग्रामीणों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराकर लाभ लिया। शिविर में गायत्री परिवार, आरोग्य भारती एवं स्वास्थ्य विभाग का सक्रिय सहयोग रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कोलारस विधायक के पुत्र लोकेंद्र महेंद्र सिंह यादव, अध्यक्षता कर रहे तथागत फाउंडेशन के अध्यक्ष आलोक एम. इंदौरिया, विशिष्ट अतिथि आरोग्य भारती के जिला समन्वयक डॉ. पी.के. खरे एवं खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. विजय यादव सहित अन्य अतिथियों द्वारा गायत्री माता एवं स्व. रामसिंह दादा के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।
मुख्य अतिथि लोकेंद्र यादव ने कहा कि क्षेत्र में पहली बार इतना बड़ा कैंसर शिविर आयोजित हुआ, जिसमें विशेष रूप से महिलाओं की गोपनीय और संवेदनशील जांच की गई। उन्होंने कहा कि कई महिलाएं सामाजिक संकोच के कारण अपनी पीड़ा साझा नहीं कर पातीं, ऐसे में ग्वालियर कैंसर चिकित्सा एवं शोध संस्थान से आई महिला चिकित्सकों द्वारा किया गया परीक्षण अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने तथागत फाउंडेशन को जनसेवा के लिए साधुवाद दिया। अध्यक्षीय उद्बोधन में आलोक एम. इंदौरिया ने कहा कि तथागत फाउंडेशन वर्षों से स्वास्थ्य के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहा है, विशेषकर महिलाओं में यूट्रस एवं ब्रेस्ट कैंसर की प्रारंभिक जांच पर फोकस किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कैंसर भयावह अवश्य है, पर समय पर जांच से इससे बचाव संभव है। आरोग्य भारती के जिला संरक्षक एवं सेवानिवृत्त सिविल सर्जन डॉ. पी.के. खरे ने कहा कि कैंसर अब लाइलाज नहीं रहा, आवश्यकता है जागरूकता और समय पर जांच की। शिविर में कुल 186 मरीजों की जांच की गई, जिनमें 30 पेप स्मीयर, 36 मैमोग्राफी, 3 बायोप्सी एवं 1 एफएनएसी शामिल हैं। दो यूट्रस कैंसर, 15 मुख कैंसर के रोगी चिन्हित हुए, जबकि 30 मरीजों को आगे की जांच के लिए ग्वालियर रेफर किया गया। शिविर में स्त्री कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. रजनी अग्रवाल, सर्जरी विशेषज्ञ डॉ. निति अग्रवाल, सर्जरी विशेषज्ञ डॉ. पी.के. खरे, एड एंड नेक सर्जन डॉ. अश्विनी बघेल, कैंसर सर्जन डॉ. देवराज सिंह, एड एंड नेक सर्जन डॉ. तितिक्षा एवं डॉ. संजना ने शिविर में सेवाएं दीं। कार्यक्रम का संचालन प्रमोद शर्मा ने किया। इस अवसर पर गायत्री परिवार के परिजन आरोग्य भारती के नगर अध्यक्ष रवि गोयल, हरवीर सिंह चौहान, नीरज कुमार छोटू, राजीव राठौर, वृंदावन सोनी, गजेन्द्र सिंह, श्रीराम यादव, क्रिस नायक, आदेश जैन सहित खतौरा के प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित थे।


