शिवपुरी। नाबालिग बालक-बालिकाओं के अपहरण एवं गुमशुदगी के मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देशों के तहत थाना रन्नौद पुलिस ने सराहनीय सफलता प्राप्त की है। अपराध क्रमांक 206/25 के तहत अपहृत 15 वर्ष 6 माह की नाबालिग बालिका को सुरक्षित दस्तयाब कर बहला-फुसलाकर ले जाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया।
रन्नौद थाना प्रभारी अरविन्द सिंह चौहान के अनुसार, 30 दिसंबर 2025 को ग्राम बामौरकला निवासी फरियादी द्वारा थाना रन्नौद में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि उसकी नाबालिग पुत्री को बदरवास निवासी देवेन्द्र कुशवाह द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना रन्नौद पर धारा 137(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ द्वारा जिले के समस्त थाना प्रभारियों को नाबालिगों से जुड़े मामलों में त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई के स्पष्ट निर्देश दिए गए थे। इन्हीं निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले के निर्देशन तथा एसडीओपी कोलारस संजय मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रन्नौद अरविन्द सिंह चौहान के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने सतर्कता और सूझ-बूझ से कार्रवाई करते हुए अपहृत बालिका को सकुशल दस्तयाब किया तथा आरोपी देवेन्द्र कुशवाह पुत्र बुन्देल सिंह कुशवाह उम्र 22 वर्ष निवासी बदरवास को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी अरविन्द सिंह चौहान सहित सउनि दशरथ सिंह राजपूत, प्र.आर. जगेश सिंह सिकरवार, प्र.आर. अख्तर खान, आर. गौरीश ओझा, सिद्धनाथ गौड, विपेन्द्र कौरव, महेश पटेलिया, अवधेश शर्मा, महिला आर. कृष्णा पाल एवं आर. संजीव सिंह की सराहनीय भूमिका रही।


