शिवपुरी। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के शिवपुरी आगमन पर भाजपा खेमे में उत्साह चरम पर दिखाई दिया। शहर में उनका आगमन किसी उत्सव से कम नहीं रहा। इसी क्रम में विधायक देवेंद्र जैन के निवास पर आयोजित भव्य स्वागत समारोह ने राजनीतिक ही नहीं, बल्कि भावनात्मक जुड़ाव की भी सुंदर तस्वीर पेश की।
समारोह के दौरान विधायक देवेंद्र जैन एवं उनके पुत्र सक्षम जैन ने केंद्रीय मंत्री सिंधिया का आत्मीय और भव्य स्वागत किया। जैसे ही सिंधिया विधायक निवास पहुंचे, आतिशबाजी और ज्योतिरादित्य सिंधिया जिंदाबाद के गगनभेदी नारों से वातावरण गूंज उठा। पिता-पुत्र ने उन्हें विशाल फूलों की माला पहनाकर सम्मानित किया और शुभकामनाएं दीं। स्वागत की भव्यता ने पूरे माहौल को उत्सवी रंगों से भर दिया। इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के साथ-साथ सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे। सिंधिया ने मंचीय औपचारिकताओं से आगे बढ़कर कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचकर उनसे आत्मीय संवाद किया, हाथ मिलाया और हालचाल जाना। अपने लोकप्रिय नेता को सामने पाकर कार्यकर्ताओं का जोश देखते ही बन रहा था। हर चेहरा उत्साह और गर्व से दमक रहा था। राजनीतिक चर्चा के साथ-साथ इस मुलाकात में पारिवारिक आत्मीयता की झलक भी देखने को मिली। सिंधिया ने विधायक देवेंद्र जैन के परिवारजनों से मुलाकात कर उनसे सौहार्दपूर्ण बातचीत की। यह दृश्य क्षेत्रीय नेतृत्व और केंद्रीय नेतृत्व के बीच गहरे, भरोसेमंद और वर्षों पुराने संबंधों को दर्शाता नजर आया।


