मेले का उद्देश्य महिला समूहों को बाजार से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना : डीपीएम डॉ. अरविंद भार्गव
शिवपुरी। होली के पावन पर्व पर इस बार खुशियों के रंगों के साथ आत्मनिर्भरता की खुशबू भी बिखरेगी। मप्र ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी महिला समूहों की दीदियाँ 27 व 28 फरवरी को दो दिवसीय होली मेले का आयोजन कर रही हैं। यह मेला जिला मुख्यालय पर जिला न्यायालय परिसर के सामने स्थित आजीविका मिशन कार्यालय प्रांगण में आयोजित होगा।
मेले में महिला समूहों द्वारा स्वयं निर्मित प्राकृतिक गुलाल, मिठाइयाँ, नमकीन, ठंडाई, कपड़े, साड़ियाँ, सत्तू, सरसों का तेल, मूंगफली दाना, मिट्टी के बर्तन सहित अनेक स्थानीय व शुद्ध उत्पादों के आकर्षक स्टॉल लगाए जाएंगे। होली उत्सव की थीम पर सजे ये स्टॉल पारंपरिक स्वाद और ग्रामीण हुनर की झलक पेश करेंगे। मिशन के डीपीएम डॉ. अरविंद भार्गव ने बताया कि इस मेले का उद्देश्य महिला समूहों को बाज़ार से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में मेले में पहुँचकर दीदियों द्वारा बनाए गए उत्पादों की खरीद करें और आत्मनिर्भर भारत की इस पहल को मजबूती दें।


