चौपाल में मौके पर हुआ समस्याओं का समाधान
शिवपुरी। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे, इसके लिए प्रशासन पूरी संवेदनशीलता और सक्रियता के साथ कार्य कर रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर रवींद्र कुमार चौधरी एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विजयराज के निर्देशों के पालन में जनपद पंचायत पोहरी के सीईओ ऑफीसर सिंह गुर्जर द्वारा ग्राम पंचायत ऐसवाया के ग्राम अहेरा में जन चौपाल का आयोजन किया गया।
चौपाल में आमजन की समस्याएँ गंभीरता से सुनी गईं और कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया। खाद्यान्न पर्ची से वंचित चार पात्र हितग्राहियों के नाम जोड़े गए, वहीं वृद्धा पेंशन न मिलने की शिकायत पर तत्काल ई-केवायसी कराई गई, जिससे पेंशन प्रारंभ हो सकी। पीएम किसान योजना के अंतर्गत राशि न मिलने की शिकायत पर भी त्वरित कार्रवाई की गई, जिसमें ई-केवायसी लंबित पाए जाने पर आवेदन का निराकरण किया गया। सीईओ गुर्जर ने सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायक को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की किसी भी योजना में कोई भी पात्र हितग्राही लाभ से वंचित न रहे। पात्रता रखने वाले सभी नागरिकों का समय पर सत्यापन, पंजीयन एवं लाभ स्वीकृति सुनिश्चित की जाए। चौपाल के पश्चात ग्राम में चल रहे पीएम आवास, एमपीसी, पीएम जनमन, आंगनवाड़ी भवन निर्माण, एवं सामुदायिक स्वच्छता परिसर सहित अन्य विकास कार्यों का भी निरीक्षण किया गया। कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर सहायक यंत्री अतुल तिवारी, उपयंत्री, सचिव, ग्राम रोजगार सहायक सहित संबंधित विभागों का अमला उपस्थित रहा।


