शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुई 10वीं-12वीं की बोर्ड परीक्षा, जिले में एक भी नकल प्रकरण नहीं

MP DARPAN
0

शिवपुरी। माध्यमिक शिक्षा मंडल की 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं जिले में शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से सम्पन्न हो गईं। परीक्षा के दौरान पूरे जिले में कहीं भी नकल का कोई प्रकरण सामने नहीं आया। जिला शिक्षा अधिकारी विवेक श्रीवास्तव ने बताया कि प्रशासन और शिक्षा विभाग की सतर्क निगरानी के कारण परीक्षा पूरी पारदर्शिता और अनुशासन के साथ संपन्न कराई गई।

परीक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए जिले की पांचों तहसीलों में विशेष निगरानी व्यवस्था लागू की गई थी। एसडीएम, राजस्व अधिकारी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी तथा जिला स्तरीय पैनल द्वारा लगातार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया गया। इसके अलावा पेपर ट्रैकिंग पैनल भी सक्रिय रहा, जिससे प्रश्नपत्रों की सुरक्षा और समय पर वितरण सुनिश्चित किया जा सका। जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा के दौरान अनुशासन और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए कड़े निर्देश जारी किए गए थे। केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, उड़नदस्ता दलों की सक्रियता और नियमित निरीक्षण के कारण किसी भी प्रकार की अनियमितता सामने नहीं आई। कलेक्टर रविंद्र कुमार चौधरी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विजय राज, जिला शिक्षा अधिकारी विवेक श्रीवास्तव तथा परीक्षा प्रभारी राजा बाबू आर्य के नेतृत्व में पूरी परीक्षा प्रक्रिया का लगातार मॉनिटरिंग की गई। अधिकारियों के संयुक्त प्रयास से परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। जिला शिक्षा अधिकारी विवेक श्रीवास्तव ने परीक्षा कार्य में लगे सभी अधिकारियों, शिक्षकों और कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि सभी की जिम्मेदार और सजग भूमिका के कारण जिले में बोर्ड परीक्षाएं निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हो सकीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि परीक्षार्थियों का परिणाम भी बेहतर रहेगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top