शिवपुरी। जिले में 17 मार्च से आयोजित होने वाले वृहद स्वास्थ्य शिविर की तैयारियों की समीक्षा करने प्रभारी मंत्री प्रधुम्मन सिंह तोमर शनिवार शाम शिवपुरी पहुंचे। उन्होंने कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक लेकर अधिकारियों से शिविर की व्यवस्थाओं का विस्तृत ब्यौरा लिया और चिकित्सकों, दवाओं व मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
दरअसल रोटरी क्लब इंटरनेशनल और श्रीमंत माधव राव सिंधिया स्वास्थ्य सेवा मिशन के संयुक्त तत्वावधान में 17 से 24 मार्च 2026 तक मेडिकल कॉलेज शिवपुरी और सीएम राइज स्कूल परिसर में वृहद स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जा रहा है। प्रभारी मंत्री गुना से ग्वालियर जाते समय शिवपुरी में रुककर तैयारियों की समीक्षा करने पहुंचे। बैठक में मंत्री तोमर ने विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता, मरीजों की पैथोलॉजी जांच, दवाओं की व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल और बिजली जैसी सुविधाओं पर विशेष चर्चा की। इस दौरान कलेक्टर रविन्द्र कुमार चौधरी ने भरोसा दिलाया कि शिविर में पर्याप्त चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। वहीं सीएमएचओ डॉ. संजय ऋषीश्वर ने बताया कि विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता को लेकर 8 मार्च को ग्वालियर में संभागीय स्तर पर बैठक आयोजित की जा रही है। नगर पालिका द्वारा शिविर स्थल पर साफ-सफाई और पेयजल की व्यवस्था की जानकारी दी गई, जबकि बिजली विभाग ने निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। बैठक में विधायक देवेन्द्र जैन, पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़, भाजपा जिलाध्यक्ष जसवंत जाटव, जिला पंचायत सीईओ विजय राज, मेडिकल कॉलेज डीन डॉ. डी. परमहंस, सिविल सर्जन डॉ. वी.एल. यादव, मेडिकल अधीक्षक डॉ. आशुतोष चौसीकर, नगर पालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा, भाजपा महामंत्री लवलेश जैन और केपी परमार सहित कई अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।


