सिंधिया की पहल से मध्य भारत विकास पथ से जुड़ेंगे अशोकनगर-चंदेरी-मुंगावली, क्षेत्र को मिलेगा विकास का नया हाईवे

MP DARPAN
0

शिवपुरी। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की पहल पर मध्यप्रदेश के ग्वालियर-चंबल और बुंदेलखंड क्षेत्र को बड़ा बुनियादी ढांचा लाभ मिलने की उम्मीद जगी है। सिंधिया ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर प्रस्तावित मध्य भारत विकास पथ (नागपुर-भोपाल-ग्वालियर ग्रीन कॉरिडोर) से अशोकनगर, चंदेरी, मुंगावली, पिछोर और गुना जैसे महत्वपूर्ण शहरों को सीधे जोडऩे का अनुरोध किया है।

सिंधिया ने अपने पत्र में कहा कि वर्तमान में अशोकनगर, मुंगावली और चंदेरी जैसे प्रमुख शहर किसी बड़े राष्ट्रीय राजमार्ग से सीधे नहीं जुड़े हैं। यदि इन शहरों को एक्सप्रेस-वे नेटवर्क से जोड़ा जाता है तो क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और उद्योग, निवेश तथा रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। प्रस्तावित मध्य भारत विकास पथ करीब 746 किलोमीटर लंबा कॉरिडोर होगा, जो मुरैना से शुरू होकर ग्वालियर-चंबल क्षेत्र से होते हुए नागपुर तक जाएगा। इस कॉरिडोर के बनने से मध्य भारत के कई शहरों के बीच तेज और सुगम संपर्क स्थापित होगा। साथ ही चंदेरी और ओरछा जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों तक पहुंच भी आसान हो जाएगी। यह परियोजना फिलहाल प्रारंभिक सर्वेक्षण के चरण में है और अगले चार-पांच महीनों में सर्वे पूरा होने की संभावना है। सर्वे के दौरान अशोकनगर, चंदेरी और मुंगावली को कॉरिडोर से जोडऩे के विकल्पों पर भी विचार किया जा रहा है। इसके साथ ही सिंधिया ने 114.70 किलोमीटर लंबे गुना-अशोकनगर-चंदेरी (एसएच-54) मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने की भी मांग की है। यह मार्ग एनएच-46, एनएच-346 और एनएच-44 को जोड़ते हुए क्षेत्रीय सड़क नेटवर्क को और मजबूत करेगा। सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प के तहत मध्यप्रदेश में प्रस्तावित नर्मदा प्रगति पथ, विंध्य एक्सप्रेस-वे और मालवा-निमाड़ विकास पथ जैसी परियोजनाएं प्रदेश के बुनियादी ढांचे को नई रफ्तार देंगी। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में कनेक्टिविटी, निवेश और रोजगार के अवसरों में उल्लेखनीय वृद्धि होने की उम्मीद है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top