प्राचीन कमलेश्वर महादेव मंदिर में बड़ी चोरी, पुजारी को कमरे में बंद कर चोर ले उड़े 4 किलो चांदी

MP DARPAN
0

पिछोर (नीरज गुप्ता)। पिछोर क्षेत्र के करारखेड़ा स्थित आस्था के प्रमुख केंद्र कमलेश्वर महादेव मंदिर में रविवार रात चोरों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए लगभग 4 किलो चांदी चोरी कर ली। चोरी गए सामान में शिवलिंग पर चढ़ा चांदी का मोर मुकुट सहित अन्य आभूषण शामिल बताए जा रहे हैं, जिनकी कीमत करीब 10 लाख रुपए आंकी जा रही है।

जानकारी के अनुसार चोर देर रात मंदिर परिसर में घुसे और सबसे पहले मंदिर के पुजारी को एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद बेखौफ होकर मंदिर में रखे चांदी के मुकुट और अन्य कीमती चांदी के सामान को साफ कर फरार हो गए। यह मंदिर गहोई वैश्य समाज और क्षेत्रवासियों की आस्था का प्राचीन केंद्र माना जाता है, इसलिए घटना से क्षेत्र में भारी आक्रोश व्याप्त है। बताया जा रहा है कि मंदिर में चढ़ाई गई चांदी हाल ही में चौरासी क्षेत्रीय गहोई वैश्य पदाधिकारी इंजीनियर शिवशंकर गुप्ता द्वारा दान की गई थी। चोरी की खबर मिलते ही गहोई वैश्य समाज के लोग बड़ी संख्या में थाने पहुंचे और अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। थाना प्रभारी नीतू अहिरवार ने मामले में जल्द कार्रवाई कर आरोपियों को पकड़ने का आश्वासन दिया है। पुलिस ने मंदिर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दी है और संदिग्धों की तलाश की जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top