शिवपुरी। करैरा थाना पुलिस ने अवैध हथियार के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी वारदात होने से पहले ही नाकाम कर दिया। पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत करैरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि लंगूरी मोड़ के पास कच्चे रास्ते के किनारे एक व्यक्ति अवैध कट्टा लेकर संदिग्ध हालत में खड़ा है।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद सिंह छावई के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर संदिग्ध व्यक्ति भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम नरेंद्र प्रजापति उम्र 34 वर्ष निवासी महुअर पुल के पास सिल्लापुर, थाना करैरा बताया। तलाशी लेने पर उसकी कमर से 315 बोर का देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। आरोपी के पास हथियार का कोई वैध लाइसेंस नहीं मिला। पुलिस ने हथियार और कारतूस जब्त कर उसके खिलाफ धारा 25/27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध क्रमांक 160/26 दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है, जिसमें मारपीट, धोखाधड़ी, आबकारी एक्ट और एससी-एसटी एक्ट सहित कई मामले दर्ज हैं। कार्रवाई में थाना प्रभारी विनोद छावई, प्रधान आरक्षक प्रतिपाल चौहान, आरक्षक मुकेश कुमार, विकास भारद्वाज और मत्स्येंद्र सिंह की सराहनीय भूमिका रही।


