शिवपुरी में 17 मार्च से मेगा कैंप, इंदौर के अरविंदो हॉस्पिटल के 148 डॉक्टर-पैरामेडिकल स्टाफ करेंगे उपचार

MP DARPAN
0

शिवपुरी। मध्यप्रदेश शासन श्रीमंत माधव राव सिंधिया स्वास्थ्य सेवा मिशन एवं रोटरी क्लब इंटरनेशनल के संयुक्त तत्वावधान में 17 मार्च से शिवपुरी में आयोजित होने जा रहे मल्टी स्पेशियलिटी मेगा कैंप में इंदौर के सुप्रसिद्ध अरविंदो सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल का 148 सदस्यीय चिकित्सकीय दल मरीजों का उपचार करेगा। इस दल में विशेषज्ञ चिकित्सकों के साथ पैरामेडिकल स्टाफ भी शामिल रहेगा, जो अत्याधुनिक उपकरणों के साथ शिवपुरी पहुंचकर मरीजों की जांच और उपचार करेगा।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय ऋषीश्वर ने जानकारी देते हुए बताया कि यह मेगा कैंप 17 मार्च से 24 मार्च तक मेडिकल कॉलेज शिवपुरी एवं सीएम राइज स्कूल परिसर में आयोजित किया जाएगा। इस कैंप में देश के विभिन्न प्रतिष्ठित अस्पतालों के विशेषज्ञ चिकित्सक अपनी सेवाएं देंगे, जिनकी स्वीकृति मिलना शुरू हो गई है। उन्होंने बताया कि इंदौर के अरविंदो सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल से आने वाले दल में 10 विशेषज्ञ डॉक्टर, 19 वरिष्ठ चिकित्सक, 45 जूनियर चिकित्सक और 75 पैरामेडिकल स्टाफ शामिल हैं। यह टीम सात दिनों तक कैंप में उपस्थित रहकर मरीजों को उपचार प्रदान करेगी। कैंप में हृदय रोग, कैंसर, न्यूरोलॉजी, उदर रोग, यूरोलॉजी, बाल एवं शिशु हृदय रोग, मेडिसिन, जनरल फिजिशियन, शिशु रोग, जनरल सर्जरी, स्त्री एवं प्रसूति रोग, नाक-कान-गला रोग, चर्म रोग, अस्थि रोग, घुटना व कूल्हा प्रत्यारोपण, नेत्र रोग, रेडियोलॉजी, मानसिक रोग और फिजियोथेरेपी सहित कई विशेषज्ञताओं के डॉक्टर मरीजों का परीक्षण और उपचार करेंगे। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार इस मेगा स्वास्थ्य शिविर से शिवपुरी सहित आसपास के क्षेत्रों के हजारों मरीजों को विशेषज्ञ उपचार और परामर्श का लाभ मिलने की उम्मीद है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top