बैराड़ पुलिस ने किया गोदाम से 95 हजार की सरसों चोरी का खुलासा, ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित 3 आरोपी गिरफ्तार

MP DARPAN
0

शिवपुरी।  बैराड़ थाना पुलिस ने व्यापारी के गोदाम से सरसों चोरी की वारदात का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित गिरफ्तार कर लिया। खास बात यह रही कि चोरी की घटना को अंजाम देने वाले आरोपी उसी गोदाम में काम करने वाले निकले, जिन्होंने भरोसे का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया।

बैराड़ टीआई सुरेश शर्मा के अनुसार, पुरानी अनाज मंडी के सामने रहने वाले व्यापारी तरुण गुप्ता उम्र 47 वर्ष ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 28 फरवरी को उनके गोदाम में करीब 100 क्विंटल सरसों रखी थी। 1 मार्च को जब वह गोदाम पहुंचे तो ताला टूटा मिला और 35 कट्टों में भरी 15 क्विंटल 75 किलो सरसों, जिसकी कीमत करीब 95 हजार रुपये थी, चोरी हो चुकी थी। इस पर बैराड़ थाने में अपराध क्रमांक 97/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के निर्देश पर बैराड़ पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर की सूचना पर आरोपियों तक पहुंच गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले और एसडीओपी आनंद राय के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने दबिश देकर दीपक कुशवाह उम्र 25 वर्ष, साहब सिंह कुशवाह उम्र 23 वर्ष और रामकिशन कुशवाह उम्र 35 वर्ष निवासी कालामढ़ बैराड़ को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे वर्षों से तरुण गुप्ता के यहां गल्ले का काम करते थे और इसी जानकारी का फायदा उठाकर ट्रैक्टर-ट्रॉली से गोदाम का ताला तोड़कर सरसों चोरी कर ली थी, जिसे खेत में छिपाकर रखा था। पुलिस ने 35 कट्टे सरसों 15 क्विंटल 75 किलो और ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर ली। उक्त कार्रवाई में निरीक्षक सुरेश शर्मा, उपनिरीक्षक धर्मेंद्र शिवहरे, एएसआई हरिओम पांडेय, आरक्षक रविंद्र धाकड़ और संदीप राठौर की सराहनीय भूमिका रही।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top