शिवपुरी। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर पुलिस नियंत्रण कक्ष शिवपुरी में महिला पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सम्मान में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्वालियर परिक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक अमित सांघी एवं शिवपुरी पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ ने महिला पुलिसकर्मियों को सम्मानित करते हुए उनकी भूमिका की सराहना की तथा सेवा के दौरान आने वाली चुनौतियों और समस्याओं पर चर्चा की।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने कहा कि पुलिस विभाग में महिला कर्मियों की भागीदारी लगातार बढ़ रही है और वे कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ समाज में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। इस अवसर पर महिला पुलिसकर्मियों से ड्यूटी के दौरान आने वाली समस्याओं के बारे में विस्तार से चर्चा कर उनके समाधान के उपायों पर भी विचार किया गया। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस प्रत्येक वर्ष 8 मार्च को मनाया जाता है। वर्ष 2026 में महिला दिवस की थीम देने से मिलता है रखी गई है। इसका आशय है कि जब समाज महिलाओं को समान अवसर, सम्मान और सहयोग देता है तो उसका लाभ पूरे समाज को प्राप्त होता है। महिलाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और आर्थिक स्वतंत्रता को बढ़ावा देकर एक सशक्त और समृद्ध समाज का निर्माण किया जा सकता है। अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं को समान अधिकार और सम्मान देना समाज की प्रगति के लिए आवश्यक है। पुलिस विभाग भी महिला कर्मियों को सुरक्षित, सम्मानजनक और समान अवसर वाला कार्य वातावरण उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है। कार्यक्रम में नगर पुलिस अधीक्षक संजय चतुर्वेदी, रक्षित निरीक्षक अनिल कावरेती, थाना प्रभारी कोतवाली, देहात, शारीरिक शाखा तथा सूबेदार स्टेनो आशीष पटेरिया सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में महिला पुलिसकर्मियों के उत्कृष्ट कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया।


