पुलिस को दिए सतर्क गश्त एवं सख्त कार्रवाई के निर्देश
शिवपुरी। जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए पुलिस अधिकारियों की सक्रियता लगातार बढ़ती नजर आ रही है। इसी कड़ी में पिछोर एसडीओपी प्रशांत शर्मा ने शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात अचानक थाना रन्नौद पहुंचकर औचक निरीक्षण किया।
पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के निर्देशन में किए गए इस निरीक्षण के दौरान एसडीओपी ने सबसे पहले रात्रि ड्यूटी में तैनात पुलिस बल की उपस्थिति जांची। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अरविंद चौहान भी तत्काल थाने पहुंच गए। निरीक्षण के दौरान एसडीओपी ने थाने के महत्वपूर्ण रजिस्टरों की बारीकी से जांच की और आवश्यक टीप दर्ज करते हुए लंबित कार्यों के संबंध में दिशा-निर्देश दिए। थाने की हवालात भी चेक की गई, जहां कोई बंदी नहीं पाया गया। इसके बाद उन्होंने थाना परिसर का भ्रमण कर साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और उसे बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। एसडीओपी ने रात्रि गश्त में लगे पुलिसकर्मियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश देते हुए कहा कि रात की गश्त अपराधों की रोकथाम में सबसे अहम कड़ी होती है। उन्होंने अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने, लंबित वारंटों की तामीली तेज करने और क्षेत्र में लगातार निगरानी बनाए रखने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान थाने में लगे सीसीटीवी कैमरे भी चालू हालत में पाए गए। एसडीओपी शर्मा ने स्पष्ट कहा कि अपराध और अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए पुलिस की सक्रियता और अनुशासन बेहद जरूरी है।


