पुलिस ने कोर्ट में किया पेश
शिवपुरी। भौंती थाना क्षेत्र में हुए शिक्षक कल्याण लोधी हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब तीन महीने से फरार चल रही 10 हजार रुपये की इनामी आरोपिया सविता लोधी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी पिछोर प्रशांत शर्मा के नेतृत्व में भौंती थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की। हत्या जैसे गंभीर अपराध को देखते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
जानकारी के अनुसार 2 दिसंबर 2025 को फरियादी अमित लोधी निवासी ग्राम ऊमरीकला ने भौंती थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि उसका चचेरा भाई कल्याण लोधी और अनिल लोधी स्कूल से पढ़ाकर घर लौट रहे थे। तभी ग्राम गणेशखेड़ा वेयरहाउस के पास मुरारी लोधी, रामजीलाल लोधी, नाहर सिंह, प्रदीप दुबे, सविता लोधी निवासी ऊमरीकला तथा जितेंद्र उर्फ कल्ला लोधी निवासी सिल्लारपुर ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने पुराने मामले में राजीनामा को लेकर गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान मुरारी लोधी ने कट्टे से गोली चला दी, जो कल्याण लोधी को लग गई। गंभीर रूप से घायल कल्याण लोधी को इलाज के लिए ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। फरार आरोपियों की तलाश के लिए भौंती थाना प्रभारी निरीक्षक घनश्याम भदौरिया के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने कार्रवाई करते हुए सविता लोधी उम्र 38 वर्ष को गिरफ्तार कर न्यायालय पिछोर में पेश कर दिया। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी घनश्याम भदौरिया, उपनिरीक्षक कुसुम गोयल, सहायक उपनिरीक्षक संजय भगत, प्रधान आरक्षक अभयराज सिंह, आरक्षक रवि शर्मा, दुर्गाविजय रावत और बंटी उमरैया की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।


