शिवपुरी में स्वास्थ्य सेवा का महाकुंभ, केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने किया शुभारंभ, डॉक्टरों को बताया- जानदाता

MP DARPAN
0

शिवपुरी। केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सोमवार को शिवपुरी में श्रीमंत माधवराव सिंधिया सेवा स्वास्थ्य मिशन तथा रोटरी क्षेत्रीय चिकित्सीय मिशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित विशाल नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने 5260 दिव्यांगजन भाइयों-बहनों को 22,475 सहायक उपकरण वितरित किए तथा 786 दिव्यांगजनों को स्वयं अपने हाथों से उपकरण प्रदान किए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने चिकित्सकों को जानदाता की संज्ञा देते हुए कहा कि जिस प्रकार शिक्षक ज्ञानदाता और किसान अन्नदाता हैं, उसी प्रकार चिकित्सक समाज के लिए जीवनदाता हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की यह परंपरा उनके पिता  कै. माधवराव सिंधिया द्वारा वर्षों पूर्व प्रारंभ की गई थी, जिसका उद्देश्य दूरस्थ ग्रामीण अंचलों तक आधुनिक चिकित्सा सुविधाएँ पहुँचाना था। उन्होंने बताया कि 17 से 24 मार्च तक आयोजित होने वाले इस विशाल स्वास्थ्य शिविर में ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस नई दिल्ली, ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस भोपाल तथा मेदांता जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के विशेषज्ञ चिकित्सक सेवाएँ प्रदान करेंगे। शिविर में प्रतिदिन लगभग 25 हजार बाह्य रोगियों की जाँच तथा 500 से 700 शल्यक्रियाएँ करने की व्यवस्था की गई है। दिव्यांगजन सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम के अंतर्गत शिवपुरी में लगभग 4 करोड़ रुपये की लागत से उपकरण वितरित किए गए। उन्होंने त्रिचक्री वाहन प्राप्त करने वाले दिव्यांगजनों को हेलमेट अवश्य पहनने की सलाह भी दी और मंच से हेलमेट को सुरक्षित रूप से उपयोग करने की विधि समझाई। कार्यक्रम में ऊर्जा मंत्री एवं जिले के प्रभारी प्रद्युम्र सिंह तोमर, शिवपुरी विधायक देवेन्द्र जैन, कोलारस विधायक महेन्द्र यादव, कलेक्टर रवीन्द्र कुमार चौधरी, पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़, भारतीय जनता पार्टी जिला अध्यक्ष जसवंत जाटव, जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव, नगरपालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा, सांसद प्रतिनिधि राकेश गुप्ता, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य केशव सिंह तोमर, विजय शर्मा, जिला महामंत्री लवलेश जैन, योगेन्द्र रघुवंशी, के.पी. परमार, जिला मीडिया प्रभारी मुकेश जैन, अशोक ठाकुर, हरवीर सिंह रघुवंशी, सतीश शर्मा, जिला मंत्री नीरज तोमर, डॉ. रश्मि गुप्ता, पूर्व विधायक रमेश अग्रवाल, पूर्व मंत्री सुरेश राठखेड़ा, पूर्व विधायक माखनलाल राठौर तथा पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष मुन्नालाल कुशवाह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में दिव्यांगजन और उनके परिजन उपस्थित रहे। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने कहा कि उनका लक्ष्य है कि क्षेत्र का प्रत्येक नागरिक सशक्त और आत्मनिर्भर बने तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में सहभागी बने।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top