शिवपुरी। ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए आज आजीविका भवन, कोलारस में सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत प्रशिक्षित महिलाओं को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के सहयोग से अदाणी फाउंडेशन द्वारा आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर अपने हुनर को नई पहचान दी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव एवं विशेष अतिथि के रूप में जनपद पंचायत कोलारस के अध्यक्ष भरत सिंह चौहान उपस्थित रहे। इसके साथ ही जिला परियोजना प्रबंधक (आजीविका मिशन) डॉ. अरविंद भार्गव, अदाणी फाउंडेशन के प्रोजेक्ट मैनेजर अजीत जैन, ब्लॉक मैनेजर संजय चौहान सहित अन्य अधिकारी, प्रशिक्षण टीम एवं गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. अरविंद भार्गव ने कहा कि कौशल विकास ही आत्मनिर्भरता की कुंजी है। अदाणी फाउंडेशन द्वारा स्थापित की जा रही फैक्ट्री के माध्यम से स्थानीय महिलाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे, जिसमें स्वयं सहायता समूहों की अहम भूमिका होगी। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे अपने कौशल का उपयोग कर आर्थिक रूप से सशक्त बनें। जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव ने फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल जिले में महिला सशक्तिकरण का मजबूत आधार बन रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रहे हैं। उल्लेखनीय है कि ग्राम बूढ़ा डोंगर में अदाणी फाउंडेशन द्वारा प्रशिक्षण एवं उत्पादन केंद्र का निर्माण कार्य प्रगति पर है। वर्तमान वर्ष में कोलारस केंद्र पर 113 स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को इंडस्ट्रियल सिलाई का प्रशिक्षण दिया जा चुका है। कार्यक्रम के अंत में महिलाओं को प्रमाण पत्र वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।


