शिवपुरी। यूपी बॉर्डर से सटे सिकंदरा आरटीओ चेक पॉइंट पर बुधवार आधी रात दबंगों ने कानून को खुली चुनौती देते हुए हमला बोल दिया। सरपंच परिवार से जुड़े लोगों पर आरोप है कि उन्होंने न सिर्फ महिला प्रभारी सुमन दीक्षित के कमरे में घुसकर मारपीट की, बल्कि 12 हजार रूपए की लूट कर सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए और डीवीआर तक उखाड़ ले गए ताकि सबूत ही खत्म हो जाएं। घटना रात करीब 11:15 से 12:15 बजे के बीच की है, जब करीब 10 हमलावर चेक पॉइंट पर धावा बोलते हुए पहुंचे। चार आरोपी सीधे कमरे में घुस गए और महिला अधिकारी को निशाना बनाया। कमरे में जमकर तोड़फोड़ की गई, एलईडी टीवी चकनाचूर कर दिया गया। हमले की दहशत इतनी थी कि स्टाफ जान बचाकर मौके से भाग गया।
पीड़िता के अनुसार हमलावरों ने इतनी बेरहमी से हमला किया कि मैं सदमे में चली गई और आधे घंटे तक सामान्य नहीं हो पाई।” घटना के करीब एक घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके बाद हालात काबू में आए। करैरा से एसडीओपी आयुष जाखड़ ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। पुलिस ने मामले में अनिल उर्फ बल्लू यादव को मुख्य आरोपी मानते हुए उसके साथ राजगुरु उर्फ छोटू यादव, महेंद्र यादव, सोना यादव, सहदेव यादव, कुंदन यादव, विक्की केवट और भइयन झा समेत 8 नामजद और 2 अज्ञात लोगों पर लूट, मारपीट, शासकीय कार्य में बाधा और महिला उत्पीड़न की धाराओं में केस दर्ज किया है।


