39 दिन में पूरा हुआ बोर्ड मूल्यांकन : 1.46 लाख से अधिक कॉपियां जांचीं, 607 वैल्यूअरों ने निभाई जिम्मेदारी

MP DARPAN
0

शिवपुरी। माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल की हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी परीक्षाओं का मूल्यांकन कार्य जिले में तय समयसीमा में पूरा कर लिया गया। 22 फरवरी से शुरू हुआ यह कार्य 39 दिनों में संपन्न हुआ, जिसमें कुल 1,46,599 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया गया। इस दौरान हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी के 607 वैल्यूअरों ने जिम्मेदारी संभाली।

जिला उत्कृष्ट विद्यालय में प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5:30 बजे तक चले इस मूल्यांकन कार्य में 10वीं की 89,822 और 12वीं की 56,777 कॉपियां जांची गईं। खास बात यह रही कि इस बार मूल्यांकन कार्य पूरी तरह डिजिटल निगरानी में हुआ, जहां एमपीबीएसई ई-वैल्यूएशन ऐप के माध्यम से हाजिरी और कॉपियों की एंट्री की गई। मूल्यांकन कार्य के समापन अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी एवं जिला मूल्यांकन अधिकारी विवेक श्रीवास्तव का हेड एवं डिप्टी हेड वैल्यूअरों द्वारा सम्मान किया गया। इस पूरी प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में प्रेक्षक संजय श्रीवास्तव, सहायक मूल्यांकन अधिकारी हेमंत जैमिनी, मोहन सिंह मेहता, गगन श्रीवास्तव, प्राचार्य मुकेश मिश्रा, जगदीश धाकड़, राकेश आचार्य एवं केदार वर्मा का विशेष योगदान रहा। मूल्यांकन के दौरान प्रारंभिक चरण में हिंदी विषय के 50 वैल्यूअरों की अनुपस्थिति से कार्य की गति प्रभावित हुई, लेकिन जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा नोटिस जारी कर सख्ती दिखाने के बाद कार्य ने रफ्तार पकड़ी और समय पर पूरा हो सका। प्रेक्षक की निगरानी में स्ट्रांग रूम से कॉपियों का सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित किया गया, जिससे पारदर्शिता बनी रही। जिला शिक्षा अधिकारी विवेक श्रीवास्तव ने बताया कि 28 हेड वैल्यूअर और 98 डिप्टी हेड सहित कुल 126 अधिकारियों की देखरेख में यह पूरा कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top