शिवपुरी। तथागत फाउंडेशन एवं गायत्री परिवार के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार 8 अप्रैल को न्यू ब्लॉक विद्या मंदिर स्कूल के पास स्थित गायत्री परिवार एक्यूप्रेशर हेल्थ पार्क गायत्री पार्क में निशुल्क कैंसर जांच एवं निदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर शाम 3:30 बजे से 6:00 बजे तक आयोजित होगा।
शिविर में विशेष रूप से महिलाओं के लिए स्तन (ब्रेस्ट) एवं गर्भाशय (यूट्रस) कैंसर की निशुल्क जांच और परामर्श की व्यवस्था की गई है। महिला चिकित्सकों द्वारा परीक्षण किया जाएगा तथा आवश्यक जांच सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। आयोजकों ने बताया कि यह शिविर प्रत्येक माह के दूसरे और चौथे बुधवार को नियमित रूप से आयोजित किया जाता है। शिविर में एफएनएसी, पैप स्मीयर, पंच बायोप्सी और इम्प्रिंट साइटोलॉजी जैसी महत्वपूर्ण जांचें निशुल्क की जाएंगी। डॉ. पी.के. खरे एवं आलोक एम. इन्दौरिया ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य महिलाओं में ब्रेस्ट और गर्भाशय कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाना, भ्रांतियों का निराकरण करना तथा समय पर उचित उपचार उपलब्ध कराना है। तथागत फाउंडेशन की सचिव श्रीमती पुष्पा खरे, श्वेता, आकांक्षा गौड़, प्रीति जैन, नम्रता गौतम सहित सभी महिला सदस्यों ने अधिक से अधिक महिलाओं से इस शिविर का लाभ उठाने की अपील की है।


