बैराड़ पुलिस की नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: 11.50 लाख की स्मैक जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार

MP DARPAN
0

शिवपुरी। बैराड़ थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मंगलवार को बड़ी सफलता हासिल करते हुए 55.99 ग्राम स्मैक जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ की कीमत करीब 11 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय नशा तस्करी के नेटवर्क में हड़कंप मच गया है।

बैराड़ थाना प्रभारी सुरेश शर्मा ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के निर्देशन में जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं एसडीओपी पोहरी आनंद राय के मार्गदर्शन में कार्रवाई को अंजाम दिया गया। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सिद्ध बाबा स्थान, बरोद रोड पर दो युवक स्मैक बेचने की फिराक में खड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम आशिक पुत्र शिशुपाल रावत उम्र 20 वर्ष निवासी बैराड़ एवं टिंकल उर्फ शेरा पुत्र रामेश्वर रावत उम्र 20 वर्ष निवासी कालामढ़ बैराड़ बताए। तलाशी के दौरान आशिक के कब्जे से 32.29 ग्राम तथा टिंकल के कब्जे से 23.70 ग्राम स्मैक बरामद हुई, इस प्रकार कुल 55.99 ग्राम मादक पदार्थ जब्त किया गया। आरोपियों ने पूछताछ में खुलासा किया कि वे पिछले दो वर्षों से इस अवैध कारोबार में संलिप्त थे। वे शिवपुरी से करीब 3500 रुपये प्रति ग्राम की दर से स्मैक खरीदकर लाते थे और छोटे पैकेट बनाकर 10,000 रुपये प्रति ग्राम तक बेचते थे। कमाई को दोनों आपस में बराबर बांटते थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा और 1000 रुपये नगद भी जब्त किए हैं। साथ ही, आरोपियों द्वारा बताए गए अन्य सप्लायरों की पहचान कर उन पर भी जल्द सख्त कार्रवाई की जाएगी। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में निरीक्षक सुरेश शर्मा, उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र शिवहरे, सहायक उपनिरीक्षक सत्येन्द्र सिंह भदौरिया, प्रधान आरक्षक इकबाल अहमद, ज्ञान सिंह रावत, अतरसिंह रावत, राजेन्द्र प्रसाद, रविन्द्र धाकड़, अजय नीखरा एवं चालक मनीष परिहार की सराहनीय भूमिका रही

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top