शिवपुरी। 69वें अखिल भारतीय पुलिस ड्यूटी मीट 2026 में शानदार प्रदर्शन कर लौटी भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी) टीम का शिवपुरी में जोरदार और गरिमामय स्वागत किया गया। जैसे ही विजेता खिलाड़ी शिविर पहुंचे, अधिकारियों और जवानों ने तालियों की गूंज के बीच उनका अभिनंदन कर उनका हौसला बढ़ाया।
महाराष्ट्र पुलिस द्वारा नागपुर में 29 मार्च से 2 अप्रैल 2026 तक आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में आईटीबीपी ने अपनी तकनीकी दक्षता और पेशेवर क्षमता का लोहा मनवाया। एंटी-सैबोटाज चेक, कंप्यूटर अवेयरनेस, पुलिस फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी और डॉग प्रतियोगिता जैसे विभिन्न इवेंट्स में टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विशेष रूप से कंप्यूटर अवेयरनेस श्रेणी में आईटीबीपी ने शानदार उपलब्धि हासिल की। एमसीक्यू टेस्ट में हव0/टेलीकॉम सुनील ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि ऑफिस ऑटोमेशन में हव./टेलीकॉम राजन कुमार ने कांस्य पदक हासिल किया। वहीं डॉट नेट प्रोग्रामिंग (टीम इवेंट) में हव./टेलीकॉम अरविंद और सीटी/जीडी गोविंद धाकर ने कांस्य पदक अपने नाम किया। इस दमदार प्रदर्शन के चलते आईटीबीपी को समग्र टीम वर्ग में दूसरा उपविजेता स्थान प्राप्त हुआ। इसके साथ ही आईटीबीपी ने एनसीआरबी द्वारा आयोजित आईटी के माध्यम से पुलिस सशक्तिकरण प्रतियोगिता में भी विजेता ट्रॉफी जीतकर अपनी तकनीकी श्रेष्ठता साबित की। यह ट्रॉफी 3 अप्रैल को नागपुर पुलिस स्टेडियम में प्रदान की गई। शिवपुरी में आयोजित स्वागत समारोह के दौरान उप-महानिरीक्षक रौशन लाल ठाकुर एवं सेनानी राजेश कुमार चौधरी ने खिलाडिय़ों को पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर द्वितीय कमान भरत बालकृष्ण वेरुलकर, कालूराम मीणा, तपस राय, उप सेनानी के. सोलई राज, जितेन्द्र कुमार प्रजापति, भुपेंद्र गुसाईं, सहायक सेनानी गिरीश चंद्र जोशी, रमेश चंद्र, धर्मराज सहित समस्त अधिकारी, प्रशिक्षक और प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।


