खुशियां मातम में बदलीं: शादी के अगले दिन ही काल बना ट्रक, दूल्हा-दुल्हन समेत 4 की दर्दनाक मौत

MP DARPAN
0

शिवपुरी। सिरसोद थाना क्षेत्र में आज दोपहर एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया, जहां खुशियों से भरा एक परिवार पलभर में उजड़ गया। टोंगरा रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास खाद से भरा एक अनियंत्रित ट्रक सड़क किनारे खड़े ऑटो पर पलट गया। इस भीषण हादसे में नवविवाहित दूल्हा-दुल्हन सहित 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार तेंदुआ थाना क्षेत्र के राजगढ़ गांव निवासी वीरेंद्र शाक्य उम्र 25 वर्ष की शादी शुक्रवार को शिवपुरी की संजय कॉलोनी निवासी राजेश्वरी शाक्य से हुई थी। मंदिर में सादगी से विवाह के बाद शनिवार को दोनों अपने घर लौट रहे थे। ऑटो में उनके साथ दूल्हे की मां अन्वेश शाक्य उम्र 50 वर्ष, बहन भूरिया शाक्य उम्र 19 वर्ष, भाभी राजो शाक्य उम्र 22 वर्ष और अन्य लोग सवार थे। टोंगरा रोड पर ऑटो कुछ देर के लिए खड़ा था, तभी अचानक एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सीधे ऑटो पर पलट गया। देखते ही देखते ऑटो में बैठे लोग ट्रक के नीचे दब गए। मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग दौड़ पड़े। घटना की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि शवों को बाहर निकालने के लिए जेसीबी मशीन बुलानी पड़ी। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने चारों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में तेंदुआ थाना क्षेत्र के राजगढ़ गांव निवासी वीरेंद्र शाक्य, उनकी पत्नी राजेश्वरी शाक्य, मां अन्वेश शाक्य और भाभी राजो शाक्य उम्र 22 वर्ष शामिल हैं। वहीं, ऑटो में सवार बहन भूरिया शाक्य और चालक हादसे के वक्त बाहर होने के कारण बच गए। सबसे दुखद बात यह रही कि जिस घर में एक दिन पहले शादी की खुशियां गूंज रही थीं, वहीं आज मातम पसरा है। दूल्हे की बहन भूरिया की लगून रस्म भी आज ही होनी थी, जिसकी तैयारियां पूरी थीं, लेकिन इससे पहले ही यह हादसा हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top