केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने किया मेधावियों का सम्मान, बताए सफलता के मंत्र
शिवपुरी। प्रतिभा और परिश्रम के संगम को सम्मानित करते हुए केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने टूरिस्ट विलेज होटल में आयोजित कार्यक्रम में जिले के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। हाई स्कूल, हायर सेकेंडरी और यूपीएससी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र और शील्ड प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी विवेक श्रीवास्तव, अभिभावक, शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में श्री सिंधिया ने छात्रों से सीधा संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया और सफलता के मूलमंत्र साझा किए। उन्होंने कहा कि इस वर्ष जिले का परीक्षा परिणाम बेहतर रहा है, जो विद्यार्थियों और शिक्षकों की कड़ी मेहनत का परिणाम है। अपने अनुभव साझा करते हुए उन्होंने बताया कि पढ़ाई के साथ संतुलन बनाए रखना जरूरी है और समय-समय पर छोटा ब्रेक भी सफलता की यात्रा का हिस्सा होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को संदेश दिया कि लक्ष्य जितना जल्दी तय होगा, सफलता उतनी ही सुनिश्चित होगी। चिंता मुक्त होकर पढ़ाई करें, मेहनत का कोई विकल्प नहीं होता, उन्होंने कहा। साथ ही छात्रों से देश के प्रति जिम्मेदारी समझने और अपने ज्ञान का उपयोग राष्ट्र निर्माण में करने का आह्वान भी किया। मेधावी विद्यार्थियों ने भी कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए करियर से जुड़े सवाल पूछे, जिनका सिंधिया ने सरल और प्रेरक तरीके से जवाब दिया। उन्होंने छात्रों की प्रतिभा को पहचानते हुए कहा कि हर विद्यार्थी में कुछ खास होता है, जरूरत है उसे सही दिशा में उपयोग करने की।
भीषण गर्मी के चलते कक्षा 1 से 8 तक 30 अप्रैल तक अवकाश
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने शिवपुरी जिले में अत्यधिक गर्मी के मौसम को दृष्टिगत रखते हुए स्कूलों के समय में परिवर्तन किया है। छात्रों की सुविधा एवं स्वास्थ्य और आवागमन को ध्यान में रखकर जिले में संचालित समस्त शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों (एमपी बोर्ड, सीबीएसई, आईसीएसई, केन्द्रीय विद्यालय एवं अन्य मान्यता प्राप्त स्कूलों) में प्री-प्राइमरी से कक्षा 8वीं तक की कक्षाओं का दिनांक 30 अप्रैल 2026 तक अवकाश घोषित किया गया है, जबकि कक्षा 9वीं से 12वीं तक की कक्षाएं पूर्व की तरह प्रात: 7:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक संचालित की जाएंगी। जारी निर्देशानुसार शिक्षक यथावत अपने कार्य संपादित करेंगे तथा पूर्व निर्धारित परीक्षाएं एवं अन्य आवश्यक कार्यक्रम निर्धारित समय-सारणी के अनुसार आयोजित होंगे।


