शिवपुरी। अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बैराड़ पुलिस ने एक ही दिन में दो बड़ी कार्रवाइयों को अंजाम देते हुए कुल 160 लीटर हाथ भट्टी की कच्ची शराब जब्त कर 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के जीरो टॉलरेंस निर्देशों के तहत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले और एसडीओपी पोहरी आनंद राय के मार्गदर्शन में थाना बैराड़ पुलिस लगातार सक्रिय है।
बैराड़ टीआई सुरेश शर्मा ने बताया कि 4 मई की सुबह मुखबिर सूचना पर पुराना रेस्ट हाउस परिसर में दबिश दी गई, जहां से हेमन्त पुत्र रामस्वरूप रावत उम्र 30 वर्ष निवासी कालामढ़ और दीपक पुत्र रामस्वरूप योगी उम्र 38 वर्ष निवासी बैराड़ को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से 100 लीटर कच्ची शराब कीमत 30 हजार रुपए जब्त की गई। इसी क्रम में दोपहर के समय बालाजी मंदिर के पास ग्राम जरियाकलां में दूसरी कार्रवाई करते हुए गिरधारी पुत्र शास्त्री शर्मा उम्र 24 वर्ष और आकाश पुत्र शास्त्री शर्मा उम्र 22 वर्ष निवासी जरियाकलां को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से 60 लीटर कच्ची शराब कीमत 12 हजार रुपए बरामद हुई। दोनों ही मामलों में आरोपी पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहे थे, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ा गया। जब्त शराब को विधिवत सीज कर आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। उक्त कार्रवाई में निरीक्षक सुरेश शर्मा के नेतृत्व में सउनि हरिओम पाण्डेय, प्रआर हरिओम जाटव, आरक्षक लालसिंह भील, ज्ञानसिंह रावत, अखलेश धाकड़, गिर्राज त्यागी एवं आरक्षक चालक मनीष परिहार की सराहनीय भूमिका रही।


