शिवपुरी। धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले मामले में तेंदुआ पुलिस ने तेजी और सतर्कता का परिचय देते हुए महज 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया।
तेंदुआ थाना प्रभारी नीतू सिंह धाकड़ के अनुसार, 3 मई 2026 को फरियादी मोहन शाक्य उम्र 50 वर्ष निवासी ग्राम कूड़ाराई ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि निर्माणाधीन हनुमान मंदिर के पास कुटीर में रखी हनुमानजी की मूर्ति को अज्ञात व्यक्ति द्वारा उठाकर पास के कुएं में फेंक दिया गया, जिससे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची। इस पर थाना तेंदुआ पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 63/26 धारा 298 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं एसडीओपी कोलारस संजय मिश्रा के मार्गदर्शन में तेंदुआ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदेही हरवंश पुत्र हुकम यादव उम्र 27 वर्ष निवासी ग्राम कूड़ाराई को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी नीतू सिंह धाकड़ प्र.आर. गजेन्द्र सिंह सोलंकी, आरक्षक भुवनेश शर्मा, दुले सिंह जामोद और पवन जाट की विशेष भूमिका रही।


