शिवपुरी। बैराड़ थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ लगातार दो बड़ी कार्रवाइयों को अंजाम देकर स्मैक कारोबारियों की कमर तोड़ दी है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के जीरो टॉलरेंस अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं एसडीओपी पोहरी आनंद राय के निर्देशन में बैराड़ पुलिस ने 24 घंटे के भीतर दो अलग-अलग कार्रवाइयों में करीब 5 लाख रुपये कीमत की स्मैक, नगदी और इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा बरामद कर दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पहली कार्रवाई में बैराड़ पुलिस ने दो माह से फरार चल रहे आरोपी ब्रजेश उर्फ छोटू ओझा पुत्र शिवचरण ओझा निवासी बरोद रोड बैराड़ को सिद्ध बाबा मंदिर क्षेत्र से घेराबंदी कर दबोचा। आरोपी पूर्व में थाना बैराड़ के अपराध क्रमांक 114/2026 धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट में फरार चल रहा था। पुलिस ने आरोपी की तलाशी ली तो उसके कब्जे से 9.4 ग्राम स्मैक कीमत करीब 2 लाख रुपये बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ पहले से करीब आधा दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं। पूछताछ में आरोपी का नाम पहले पकड़े गए मोनू गुप्ता ने उजागर किया था। इसके बाद बैराड़ पुलिस ने दूसरी बड़ी कार्रवाई करते हुए गायत्री कॉलोनी में स्मैक बेच रहे जीतू उर्फ जीतेन्द्र प्रजापति पुत्र हरज्ञान प्रजापति को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी अपने घर के सामने पुडिय़ा बनाकर स्मैक बेच रहा है। पुलिस ने दबिश देकर आरोपी को पकड़ा और तलाशी में उसके कब्जे से 11.87 ग्राम स्मैक कीमत करीब 3 लाख रुपये, नगदी 16 हजार 100 रुपये तथा एक इलेक्ट्रॉनिक पॉकेट तौल कांटा बरामद किया। आरोपी पूर्व में भी स्मैक तस्करी में जेल जा चुका है, लेकिन जेल से बाहर आते ही दोबारा नशे के कारोबार में सक्रिय हो गया था। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। इन कार्रवाइयों में निरीक्षक सुरेश शर्मा, उनि धर्मेन्द्र शिवहरे, सउनि हरिओम पाण्डेय, सउनि सत्येन्द्र सिंह भदौरिया, आरक्षक ज्ञान सिंह रावत, देवेन्द्र राठौर, धर्मपाल धाकड़, गिर्राज त्यागी एवं मनीष परिहार की सराहनीय भूमिका रही।


