सीएमओ इशांक धाकड़ का एक्शन मोड: पॉलिथीन जप्ती से लेकर वेतन कटौती तक शिवपुरी में स्वच्छता पर सख्ती

MP DARPAN
0

शिवपुरी। शहर की सफाई व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए नगर पालिका अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है। कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष स्वच्छता अभियान में सीएमओ इशांक धाकड़ ने खुद मोर्चा संभालते हुए सड़कों पर उतरकर व्यवस्था की हकीकत परखी और मौके पर ही सख्त फैसले लिए।

सुबह 7 बजे शुरू हुए इस अभियान में माधव चौक से लेकर फिजिकल क्षेत्र तक व्यापक सफाई, निरीक्षण और कार्रवाई की गई। सीएमओ धाकड़ की अगुवाई में टीम ने दुकानों पर छापेमारी करते हुए प्रतिबंधित प्लास्टिक पॉलिथीन जब्त की। साथ ही गंदगी फैलाने वाले दुकानदारों को कड़ी चेतावनी दी गई कि नियमों का उल्लंघन अब भारी पड़ेगा। अभियान के दौरान जूस सेंटर, चाय स्टॉल, पान दुकानों और होटलों पर विशेष फोकस रहा। सीएमओ ने स्पष्ट निर्देश दिए कि हर प्रतिष्ठान पर कचरा पात्र अनिवार्य रूप से रखा जाए, अन्यथा कार्रवाई तय है। नगर पालिका टीम ने पैदल मार्च कर व्यापारियों और आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक भी किया। यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए भी सख्ती दिखाई गई। सड़क पर अतिक्रमण कर ठेले लगाने वालों को तुरंत हटवाया गया और उन्हें निर्धारित स्थानों पर लगाने की हिदायत दी गई। सबसे खास बात यह रही कि लापरवाही पर अंदरूनी कार्रवाई से भी परहेज नहीं किया गया। क्षेत्रीय दरोगा की ढिलाई सामने आने पर सीएमओ ने एक दिन का वेतन काटने का आदेश देकर साफ संदेश दिया, काम में कोताही बर्दाश्त नहीं होगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top