पेयजल संकट पर कलेक्टर की सीधी निगरानी, वार्डों में उतरे अधिकारी

MP DARPAN
0

वार्ड-वार्ड पहुंचकर परखी हकीकत, लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के संकेत

शिवपुरी। भीषण गर्मी और बढ़ती पेयजल चुनौतियों के बीच शिवपुरी में जिला प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। कलेक्टरअर्पित वर्मा की जनहितैषी पहल के तहत न केवल पेयजल व्यवस्था की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है, बल्कि अधिकारियों को सीधे मैदान में उतारकर वार्डों और जल केंद्रों की जमीनी हकीकत परखी जा रही है। प्रशासन का स्पष्ट संदेश है किपानी के मामले में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।

कलेक्टर वर्मा ने एडीएम दिनेश चंद्र शुक्ला को नोडल अधिकारी नियुक्त करते हुए डिप्टी कलेक्टरों एवं अन्य अधिकारियों को वार्डवार जिम्मेदारी सौंपी है। इसी क्रम में एडीएम दिनेश शुक्ला और मुख्य नगरपालिका अधिकारी इशांक धाकड़ ने टीम के साथ शहर के विभिन्न जल केंद्रों, हाइड्रेंट पॉइंट्स और जल भंडारण स्थलों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जल संग्रहण केंद्रों की साफ-सफाई, स्टोरेज क्षमता और वितरण व्यवस्था की बारीकी से जांच की। वहीं सहायक यंत्रियों एवं जोन उपयंत्रियों के साथ हाइड्रेंट पॉइंट्स की कार्यप्रणाली का परीक्षण किया गया ताकि आपूर्ति व्यवस्था में किसी प्रकार की बाधा न आए। अधिकारियों ने टैंकरों के माध्यम से हो रही जलापूर्ति की भी मौके पर जाकर हकीकत परखी और नागरिकों से चर्चा कर पानी की उपलब्धता की जानकारी ली। एडीएम शुक्ला ने सिद्धेश्वर मंदिर रोड स्थित कॉलोनी का निरीक्षण कर मोटर में अतिरिक्त पाइप बढ़ाने के निर्देश दिए, जिससे क्षेत्रवासियों को पर्याप्त पानी मिल सके। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर पाइपलाइन संबंधी समस्याएं और अन्य कमियां सामने आने पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। अधिकारियों का सख्त रुख तब भी देखने को मिला जब उन्होंने स्पष्ट कहा कि शहर में कहीं भी जल रिसाव (लीकेज) पाया जाता है तो उसे तुरंत दुरुस्त किया जाए। साथ ही अवैध जल कनेक्शन करने वालों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर अर्पित वर्मा की सतत निगरानी और प्रशासनिक टीम की सक्रियता का ही परिणाम है कि तकनीकी बाधाओं और मोटर खराब होने जैसी समस्याओं के बावजूद शहर में जलापूर्ति व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के प्रयास जारी हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top