शिवपुरी। शिवपुरी में यात्री बस में आग लगने की घटना के बाद प्रशासन पूरी तरह सख्त हो गया है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने साफ निर्देश दिए हैं कि जिले में बिना फिटनेस और परमिट के कोई भी बस संचालित नहीं होगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले बस संचालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बसों की जब्ती भी की जाएगी।
मुड़खेड़ा टोल के पास बस में लगी आग
शनिवार दोपहर थाना सुभाषपुरा क्षेत्र में मुड़खेड़ा टोल से पहले एक यात्री बस में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही एसडीएम आनंद सिंह मौके पर पहुंचे और प्रशासनिक टीम के साथ राहत कार्य शुरू कराया। सभी यात्रियों को सुरक्षित दूसरी बस में बैठाकर ग्वालियर रवाना किया गया।
बस जब्त, फिटनेस-परमिट निरस्तीकरण की कार्रवाई
प्रशासन ने संबंधित बस को जब्त कर सुभाषपुरा थाना परिसर में खड़ा कराया है। बस का पंजीयन ग्वालियर में होने के कारण उसका फिटनेस और परमिट निरस्त करने के लिए ग्वालियर आरटीओ को पत्र भेजा गया है।
जिलेभर में चलेगा चेकिंग अभियान
कलेक्टर ने जिला परिवहन अधिकारी रंजना सिंह को निर्देश दिए हैं कि जिलेभर में बसों की सघन चेकिंग लगातार जारी रखी जाए। बिना फिटनेस, बिना परमिट और ओवरलोड वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए ताकि लापरवाही के कारण कोई बड़ा हादसा न हो।
स्लीपर बसों और डंपरों पर चालानी कार्रवाई
जिला परिवहन विभाग द्वारा चलाए गए अभियान में स्लीपर बसों और ओवरलोड वाहनों की जांच की गई। कार्रवाई के दौरान स्लीपर बसों पर 19 हजार रुपए और डंपरों पर 15 हजार रुपए का चालान किया गया। वहीं शनिवार को कटमई क्षेत्र में की गई कार्रवाई में 10 हजार रुपए की चालानी कार्रवाई की गई।


