किसानों को मिलेगी आधुनिक खेती की जानकारी
शिवपुरी। जिले में खरीफ सीजन से पहले किसानों को आधुनिक खेती और सरकारी योजनाओं से जोडऩे के लिए 10 दिवसीय कृषि रथ अभियान की शुरुआत हो गई है। वर्ष 2026 को कृषि कल्याण वर्ष के रूप में मनाए जाने के तहत शनिवार को जिलेभर में कृषि रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इन रथों के जरिए अब गांव-गांव पहुंचकर किसानों को नई तकनीक, प्राकृतिक खेती और कृषि योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
जिला स्तर पर नेहा अमित यादव ने कृषि रथों को हरी झंडी दिखाकर अभियान का शुभारंभ किया। वहीं पिछोर और खनियाधाना क्षेत्र के कृषि रथों को प्रीतम लोधी ने रवाना किया। जिले के अन्य विकासखंडों में भी जनप्रतिनिधियों ने कृषि रथों को हरी झंडी दिखाकर अभियान की शुरुआत कराई। कृषि विभाग द्वारा तैयार रूटचार्ट के अनुसार प्रत्येक विकासखंड में प्रतिदिन तीन ग्राम पंचायतों में कृषि रथ पहुंचेंगे। रथों के माध्यम से किसानों को कृषि विभाग की जनकल्याणकारी योजनाएं, ई-विकास पोर्टल, प्राकृतिक खेती, नरवाई प्रबंधन, पशुपालन, उद्यानिकी, कृषि अभियांत्रिकी और मत्स्य पालन विभाग की योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। अभियान की खास बात यह है कि प्रत्येक कृषि रथ के साथ तकनीकी विशेषज्ञ, अधिकारी और वैज्ञानिक भी मौजूद रहेंगे, जो किसानों की समस्याओं का मौके पर समाधान करेंगे। किसानों को सुपरसीडर, हैप्पीसीडर, बेलर और स्ट्रॉ रीपर जैसे आधुनिक कृषि यंत्रों के उपयोग, खाद वितरण व्यवस्था और नरवाई जलाने से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान के बारे में भी जागरूक किया जाएगा। कार्यक्रम में पानसिंह करौरिया, ममता शाक्य, डॉ. मुकेश कुमार भार्गव, डॉ. किरण रावत सहित कृषि विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।


