शिवपुरी। 35 मध्य प्रदेश बटालियन द्वारा आयोजित एनसीसी शिविर में अनुशासन, सेवा और राष्ट्रभक्ति का अनुपम उदाहरण देखने को मिला, जब प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की।
शिविर का संचालन कैंप कमांडेंट कर्नल विजय वीर सिंह दहिया, एडम ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल ए.एन. रेड्डी तथा सूबेदार मेजर अमरजीत मलिक के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर सीनियर गर्ल्स एवं बॉयज कैडेट्स सहित स्वयं वरिष्ठ जेसीओ सूबेदार गुरचरण सिंह ने भी रक्तदान कर समाजसेवा की प्रेरणा दी। शिविर में कुल 15 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। रक्तदान करने के बाद कैडेट्स ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि रक्तदान कर उन्हें गर्व की अनुभूति हुई, क्योंकि उनका दिया हुआ रक्त किसी जरूरतमंद के जीवन को बचा सकता है। कैंप कमांडेंट कर्नल विजय वीर सिंह दहिया ने कैडेट्स को संबोधित करते हुए रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि रक्तदान से शरीर में नई रक्त कोशिकाओं के निर्माण की प्रक्रिया तेज होती है और यह एक पूर्णतः सुरक्षित एवं स्वास्थ्यवर्धक कार्य है। उन्होंने कहा कि रक्तदान वास्तव में महादान है, जो किसी के लिए जीवनदान बन जाता है और यह समाज एवं राष्ट्रहित का सर्वोच्च पुनीत कार्य है।


