फायर सेफ्टी में लापरवाही पर 8 कोचिंग और शैक्षणिक संस्थानों पर प्रशासन का ताला

MP DARPAN
0

कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश पर बड़ी कार्रवाई, फायर एनओसी और सुरक्षा इंतजामों के अभाव में संस्थान सील 

शिवपुरी। छात्रों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले शैक्षणिक और कोचिंग संस्थानों पर जिला प्रशासन ने बड़ा प्रहार किया है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देश पर मंगलवार को चलाए गए विशेष निरीक्षण अभियान में अग्नि सुरक्षा मानकों की अनदेखी पाए जाने पर 8 कोचिंग एवं शैक्षणिक संस्थानों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।

तहसीलदार सिद्धार्थ शर्मा के नेतृत्व में हुई जांच के दौरान भारत आईएएस, इंसपायर लाइब्रेरी, पाठशाला लाइब्रेरी, शिवानी कॉमर्स इंस्टीट्यूट, कांसेप्ट बिल्डर्स क्लास, ब्लूमिंग बड्स, इंडक्टेंस कोड केयर और शिवपुरी एकेडमी क्लासेस में गंभीर खामियां सामने आईं। निरीक्षण में पाया गया कि कई संस्थानों में फायर एनओसी नहीं थी, अग्निशमन यंत्रों का अभाव था और आगजनी जैसी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक सुरक्षा इंतजाम भी मौजूद नहीं थे। प्रशासन ने इसे विद्यार्थियों के जीवन से जुड़ी गंभीर लापरवाही मानते हुए तत्काल सीलिंग की कार्रवाई की। हाल के वर्षों में देशभर में शैक्षणिक संस्थानों में आगजनी की घटनाओं को देखते हुए जिला प्रशासन सुरक्षा मानकों को लेकर कोई जोखिम नहीं लेना चाहता। कलेक्टर अर्पित वर्मा ने स्पष्ट किया है कि छात्रों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और नियमों की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक निरीक्षण अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने शैक्षणिक, कोचिंग एवं व्यावसायिक संस्थानों को चेतावनी दी है कि फायर सेफ्टी मानकों, अग्निशमन उपकरणों और वैध फायर एनओसी की व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित करें, अन्यथा आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top