बलिदान दिवस पर श्रद्धांजलि सभा, जसवंत जाटव बोले- देश की एकता और अखंडता के लिए समर्पित रहा डॉ. मुखर्जी का जीवन
भाजपा जिला अध्यक्ष जसवंत जाटव ने कहा कि डॉ. मुखर्जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय स्वाभिमान की रक्षा के लिए समर्पित रहा। उन्होंने देशहित को सर्वोपरि रखते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया। उनके विचार आज भी करोड़ों देशवासियों और कार्यकर्ताओं को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश उन संकल्पों को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है, जिनके लिए डॉ. मुखर्जी ने संघर्ष किया था। जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाना उनके सपनों को साकार करने वाला ऐतिहासिक निर्णय है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से राष्ट्रवाद की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री के.पी. परमार ने किया। उन्होंने डॉ. मुखर्जी को राष्ट्रवादी चिंतन का प्रखर प्रतीक बताते हुए उनके योगदान को याद किया। जिला मीडिया प्रभारी मुकेश जैन ने बताया कि बलिदान दिवस पर जिले के सभी 29 मंडलों में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर महेंद्र यादव, माखनलाल राठौर, प्रहलाद भारती, राजू बाथम, लवलेश जैन, योगेंद्र रघुवंशी, सालिकराम कुशवाहा, गगन खटीक, शैलजा लवंगीकर, गिर्राज शर्मा, विपुल जैमिनी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


