शिवपुरी। करैरा में नवीन एसडीओपी कार्यालय भवन के लोकार्पण समारोह ने उस समय विशेष रूप ले लिया जब वर्ष 2022 बैच के आईपीएस अधिकारी एवं एसडीओपी करैरा डॉ. आयुष जाखड़ को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) पद पर पदोन्नति प्रदान की गई। यह पदोन्नति समारोह कार्यक्रम के दौरान ही गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ।
पुलिस महानिरीक्षक अरविंद सक्सेना और पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया ने डॉ. जाखड़ के कंधों पर अशोक चिन्ह लगाकर उन्हें एएसपी पद का दायित्व सौंपा। इस अवसर पर पूरा पुलिस प्रशासनिक अमला मौजूद रहा और कार्यक्रम स्थल तालियों की गूंज से गूंज उठा। समारोह में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले, एसडीएम अनुराग निंगवाल सहित जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारी पुलिस एवं थाना प्रभारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने डॉ. जाखड़ को पदोन्नति की शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल एवं सफल कार्यकाल की कामना की।


