स्कूल बसों पर सख्त कार्रवाई, सेंट चार्ल्स स्कूल की 12 बसों की जांच, 11 के कटे चालान

MP DARPAN
0

बिना परमिट-फिटनेस वाली बस जब्त

शिवपुरी। नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी विशेष स्कूल बस चेकिंग अभियान के तहत शुक्रवार को शिवपुरी में यातायात पुलिस और आरटीओ की संयुक्त टीम ने सेंट चाल्र्स स्कूल की बसों पर बड़ी कार्रवाई की। जांच के दौरान 12 बसों का निरीक्षण किया गया, जिनमें से 11 बसों पर नियमों के उल्लंघन के चलते चालानी कार्रवाई की गई, जबकि एक बस को बिना परमिट और फिटनेस प्रमाणपत्र के संचालित पाए जाने पर जब्त कर आरटीओ कार्यालय भेज दिया गया।

पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर संचालित 10 दिवसीय अभियान के तहत यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले के मार्गदर्शन में की गई। अभियान का उद्देश्य स्कूली वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच कर विद्यार्थियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना है। यातायात थाना प्रभारी रणवीर यादव ने यातायात पुलिस बल और आरटीओ शिवपुरी की टीम के साथ सेंट चार्ल्स स्कूल पहुंचकर बसों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों और केंद्रीय मोटर वाहन नियमों के अनुरूप दस्तावेज, फिटनेस, परमिट तथा अन्य सुरक्षा मानकों की जांच की गई। निरीक्षण में 11 बसों में विभिन्न कमियां मिलने पर 49 हजार रुपये के चालान किए गए। वहीं एक बस के पास वैध परमिट और फिटनेस प्रमाणपत्र नहीं मिलने पर उसे तत्काल जब्त कर आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए आरटीओ कार्यालय भेज दिया गया। यातायात प्रभारी ने स्पष्ट किया कि स्कूल वाहनों में सुरक्षा मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अभियान आगामी दिनों में भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूल वाहनों के विरुद्ध इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top