शिवपुरी। शहर में दुकानों के शटर और ताले तोड़कर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले अंतर्राज्यीय चोर गिरोह का देहात थाना पुलिस ने महज 24 घंटे में पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद निवासी चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का सामान, नगदी, एक अवैध 315 बोर का कट्टा, पांच जिंदा कारतूस तथा वारदात में प्रयुक्त ब्रेजा कार सहित कुल 11,62,856 रुपए का मशरूका बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, 10-11 जुलाई 2026 की दरम्यानी रात शिवपुरी के थाना देहात और कोतवाली क्षेत्र में दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की घटनाएं हुई थीं। फरियादियों की रिपोर्ट पर थाना देहात में अपराध क्रमांक 253/26 एवं 254/26 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया ने शीघ्र खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले तथा नगर पुलिस अधीक्षक सचिन कुमार धुर्वे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक विकास यादव के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने शहर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, टोल नाकों से जानकारी जुटाई और साइबर तकनीक के साथ मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। मुखबिर की सूचना पर गरिमा पेट्रोल पंप के पीछे फोरलेन स्थित पुराने खंडहर से यूपी-14 जीएम-8497 नंबर की काली ब्रेजा कार में बैठे चार संदिग्धों को घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में उनकी पहचान आस मोहम्मद, कार्तिक शर्मा, जबरुद्दीन खान और आजाद खान, सभी निवासी जिला गाजियाबाद उ.प्र. के रूप में हुई। तलाशी के दौरान कार से 315 बोर का एक अवैध कट्टा, 5 जिंदा कारतूस, चोरी का किराना सामान, नए कपड़े और नगदी बरामद हुई। सख्ती से पूछताछ में आरोपियों ने शिवपुरी के अलावा भोपाल में भी दुकानों के ताले तोड़कर चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से 30,700 रुपए का किराना सामान, करीब 1 लाख रुपए के नए कपड़े, 27,156 रुपए नगद, 10 लाख रुपए कीमत की ब्रेजा कार तथा अवैध हथियार बरामद कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उक्त कार्रवाई में निरीक्षक विकास यादव, सउनि विनोद सिंह गुर्जर, प्रधान आरक्षक अरुणकांत, दीपचन्द्र, सचेन्द्र शर्मा, शकील खाँन, सतीश चौधरी, बलवीर सिंह, आरक्षक महेश लोधी, अरुण मेवाफरोस, संजय धाकड़, दीपक राणा, जगदीश रावत एवं आरक्षक चालक शिवराज की सराहनीय भूमिका रही।


