शिवपुरी। मध्य प्रदेश पुलिस के राज्यव्यापी अभियान नशे से दूरी है जरूरी 2.0 के तहत मंगलवार को पिछोर अनुभाग में जनजागरूकता का अनूठा उदाहरण देखने को मिला। एसडीओपी प्रशांत शर्मा ने एक ही दिन में आठ अलग-अलग शिक्षण संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर पहुँचकर करीब 5 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और आम नागरिकों को नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने की शपथ दिलाई।
यह अभियान पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आरडी प्रजापति के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य युवाओं और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराकर स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज की स्थापना करना है। एसडीओपी प्रशांत शर्मा ने स्वयं अपने स्टाफ के साथ सनराइज स्कूल खनियाधाना, मॉडल स्कूल पिछोर, एक्सीलेंस स्कूल पिछोर, पीजी कॉलेज पिछोर, सरस्वती विद्यालय पिछोर, सीएम राइज स्कूल गणेश खेड़ा तथा शासकीय विद्यालय बामौर कला सहित विभिन्न संस्थानों में पहुँचकर विद्यार्थियों और शिक्षकों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी। उन्होंने सभी से स्वयं नशे से दूर रहने और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प दिलाया। इसके बाद एसडीओपी कार्यालय पहुँचे करीब 200 से 300 महिला एवं पुरुषों को भी अभियान की जानकारी देकर नशा न करने और समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने की शपथ दिलाई। एक ही दिन में इतने व्यापक स्तर पर आयोजित यह जनजागरूकता अभियान न केवल पुलिस की सामाजिक जिम्मेदारी का सशक्त उदाहरण बना, बल्कि एसडीओपी प्रशांत शर्मा की कर्तव्यनिष्ठा, सक्रिय कार्यशैली और समाज के प्रति उनकी प्रतिबद्धता भी उजागर कर गया।


