नागरिक सहकारी बैंक के डायरेक्टर पद से विक्रम सिंह रावत का इस्तीफा

MP DARPAN
0

रावत बोले- जब समय न दे सकूं तो पद पर बने रहना उचित नहीं

शिवपुरी। अंतर्राष्ट्रीय जानकी सेना संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विक्रम सिंह रावत ने नागरिक सहकारी बैंक के डायरेक्टर पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना त्यागपत्र बैंक के अध्यक्ष बासित अली और महाप्रबंधक महावीर जैन की उपस्थिति में सौंपा। रावत पिछले चार वर्षों से बैंक के डायरेक्टर के रूप में सेवाएं दे रहे थे।

इस्तीफे के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में विक्रम सिंह रावत ने कहा कि संगठनात्मक जिम्मेदारियों में अत्यधिक व्यस्त रहने के कारण वह बैंक के कार्यों को पर्याप्त समय नहीं दे पा रहे थे। उनका मानना है कि जिस जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा और समय के साथ निर्वहन न किया जा सके, उस पद पर बने रहना उचित नहीं है। इसी भावना के साथ उन्होंने स्वेच्छा से पद छोडऩे का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि जब हम किसी कार्य को पूरी क्षमता और ईमानदारी से नहीं कर सकते, तो उस पद से अलग हो जाना चाहिए, ताकि कोई सक्षम व्यक्ति उस जिम्मेदारी को बेहतर ढंग से निभा सके। यही मेरा संगठनात्मक सिद्धांत है और मैं स्वयं भी इसका पालन करता हूं। विक्रम सिंह रावत ने बैंक के अन्य पदाधिकारियों और डायरेक्टरों से भी आह्वान किया कि वे केवल पद की शोभा बढ़ाने के लिए जिम्मेदारियां न निभाएं, बल्कि संस्था के विकास और बेहतर संचालन के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी संस्था की मजबूती उसके पदाधिकारियों की कार्यशैली और सक्रियता पर निर्भर करती है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top