शिवपुरी। कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पिछोर एसडीओपी प्रशांत शर्मा ने रविवार-मध्यरात्रि थाना भौंती का औचक निरीक्षण किया। पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन में हुए इस निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाने की व्यवस्थाओं, रात्रि गश्त और अपराध नियंत्रण से जुड़े इंतजामों का बारीकी से जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसडीओपी ने सबसे पहले रात्रि गश्त में तैनात पुलिस बल की सक्रियता जांची और उन्हें संदिग्ध व्यक्तियों, अपराधियों तथा अवैध गतिविधियों पर लगातार नजर रखते हुए सतर्कता के साथ गश्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि रात्रिकालीन गश्त अपराधों की रोकथाम का सबसे प्रभावी माध्यम है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। थाने के निरीक्षण के दौरान ड्यूटी पर आरक्षक पीकेएस उपस्थित मिले, जबकि हवालात खाली पाई गई। एसडीओपी ने अपराध, वारंट, माइक्रोबीट एवं अन्य महत्वपूर्ण रजिस्टरों की जांच कर आवश्यक टीप अंकित की। साथ ही लंबित वारंटों की तामीली में तेजी लाने, अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने और विवेचनाओं को विभाग द्वारा उपलब्ध कराए गए टैबलेट के माध्यम से नियमित रूप से ऑनलाइन दर्ज करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर की साफ-सफाई भी संतोषजनक पाई गई। वहीं थाने में लगे सभी 13 सीसीटीवी कैमरे चालू मिले, जिनकी कार्यप्रणाली की भी समीक्षा की गई। एसडीओपी ने माइक्रोबीट प्रणाली की जानकारी लेकर पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया।


