तथागत फाउंडेशन ने बढ़ाया मदद का हाथ, जरूरतमंद बेटी को सिलेबस की सभी किताबें भेंट की

MP DARPAN
0

10वीं तक पढ़ाई का उठाया जिम्मा

शिवपुरी। समाजसेवी संस्था तथागत फाउंडेशन ने शिक्षा के क्षेत्र में एक और प्रेरणादायी पहल करते हुए वाल्मीकि समाज की एक जरूरतमंद छात्रा को उसके सिलेबस की सभी पुस्तकें उपलब्ध कराईं। गायत्री परिवार हेल्थ पार्क में आयोजित कार्यक्रम में किताबें मिलने से छात्रा के चेहरे पर खुशी लौट आई। संस्था ने घोषणा की कि छात्रा की 10वीं कक्षा तक की पूरी अध्ययन सामग्री भी फाउंडेशन ही उपलब्ध कराएगा।

संस्था के संरक्षक डॉ. पी.के. खरे ने छात्रा को पुस्तकें भेंट करते हुए कहा कि शिक्षा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की सबसे बड़ी पूंजी है और आर्थिक अभाव किसी भी बच्चे की पढ़ाई में बाधा नहीं बनना चाहिए। छात्रा की माता ने भावुक होकर बताया कि पिछले वर्ष भी तथागत फाउंडेशन ने उनकी बेटी को कक्षा 5वीं की सभी किताबें उपलब्ध कराई थीं, जिसके परिणामस्वरूप उसने 85 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। उन्होंने संस्था के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे बेटी के भविष्य के लिए बड़ी मदद बताया। फाउंडेशन के अध्यक्ष आलोक एम. इंदौरिया ने कहा कि शिक्षा बच्चों को ज्ञान, कौशल और आत्मविश्वास प्रदान करती है। जरूरतमंद बच्चों को किताबें उपलब्ध कराना समाज के प्रति एक पुनीत दायित्व है। उन्होंने समाज के सक्षम लोगों से भी शिक्षा के इस अभियान में सहयोग करने की अपील की। उल्लेखनीय है कि तथागत फाउंडेशन वर्षों से नि:शुल्क कैंसर जागरूकता शिविर, ब्रेस्ट एवं यूटेरस कैंसर की नि:शुल्क जांच तथा विभिन्न सामाजिक सेवा कार्यों के माध्यम से जनसेवा में सक्रिय है। इस अवसर पर संरक्षक डॉ. पी.के. खरे, अध्यक्ष आलोक एम. इंदौरिया, राहुल गंगवाल, एडवोकेट संतोष शिवहरे, नीरज कुमार 'छोटू' सहित फाउंडेशन के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top