शिवपुरी। जिले में खाद्य पदार्थों में बढ़ती मिलावट के खिलाफ अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत जिला शिवपुरी ने मोर्चा खोल दिया है। संगठन ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर दूध, मावा, घी, तेल, मसाले, मिठाई, पनीर सहित अन्य खाद्य सामग्री में मिलावट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस दौरान ग्राहक पंचायत के सचिव दाताराम प्रजापति, कोषाध्यक्ष संदीप मिश्रा, कार्यकारिणी सदस्य हरवीर सिंह चौहान एवं सदस्य मुरारीलाल कुशवाह उपस्थित थे।
ज्ञापन में कहा गया है कि खाद्य मिलावट केवल उपभोक्ताओं की जेब पर डाका नहीं, बल्कि उनके स्वास्थ्य और जीवन के साथ गंभीर खिलवाड़ है। संगठन ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्यमंत्री मिलावट से मुक्ति अभियान का हवाला देते हुए शिवपुरी जिले में भी अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने की मांग उठाई। ग्राहक पंचायत ने मांग की कि जिलेभर में नियमित और सघन सैंपलिंग अभियान चलाया जाए, विशेषकर त्योहार और विवाह सीजन में खाद्य पदार्थों की गहन जांच हो। मिलावट के दोषी पाए जाने वाले व्यापारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाए। संगठन ने खाद्य मिलावट की शिकायतों के लिए हेल्पलाइन शुरू करने, जनजागरूकता अभियान चलाने और जांच व कार्रवाई की जानकारी सार्वजनिक करने की भी मांग की, ताकि आम लोगों का भरोसा बढ़े और मिलावटखोरों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। ग्राहक पंचायत ने विश्वास जताया कि जिला प्रशासन इस जनहित के गंभीर मुद्दे पर त्वरित और प्रभावी कदम उठाकर जिलेवासियों को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की दिशा में ठोस कार्रवाई करेगा।


