तुम्हारे विधायक दूसरे हैं... जनचौपाल में फरियाद ठुकराई, पिता ने मासूम को विधायक की कार के बोनट पर रखा, वीडियो वायरल

MP DARPAN
0

शिवपुरी। जनता की समस्याएं सुनने के लिए आयोजित जनचौपाल उस समय विवादों में घिर गई, जब करैरा विधायक रमेश खटीक ने शिकायत लेकर पहुंचे ग्रामीणों को यह कहते हुए वापस लौटा दिया कि तुम्हारे विधायक दूसरे हैं, मैं करैरा का विधायक हूं। इसके बाद नाराज एक ग्रामीण ने विरोध स्वरूप अपने मासूम बच्चे को विधायक की कार के बोनट पर रख दिया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

घटना नरवर तहसील के अंबेडकर भवन में आयोजित जनचौपाल की बताई जा रही है। यहां नानकपुर और बरखाड़ी गांव के कुछ ग्रामीण अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे थे। बताया गया कि दोनों गांव पोहरी विधानसभा क्षेत्र में आते हैं। आरोप है कि विधायक ने उनकी शिकायत सुनने के बजाय यह कहकर पल्ला झाड़ लिया कि वे उनके विधानसभा क्षेत्र के मतदाता नहीं हैं। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें विधानसभा की सीमाओं की जानकारी नहीं थी। नरवर क्षेत्र का कुछ हिस्सा करैरा तो कुछ हिस्सा पोहरी विधानसभा में आता है, इसलिए वे अपनी समस्या लेकर जनचौपाल पहुंच गए थे। उनका आरोप है कि यदि विधायक चाहते तो संबंधित अधिकारियों को निर्देश देकर उनकी समस्या के समाधान का रास्ता निकाल सकते थे। फिलहाल, वायरल वीडियो को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज है। हालांकि, इस मामले में करैरा विधायक रमेश खटीक की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top