डीईओ का औचक निरीक्षण, कई स्कूलों में शिक्षक गायब, कम छात्र उपस्थिति पर सख्ती

MP DARPAN
0

शिक्षकों की नियमित उपस्थिति, विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत मौजूदगी और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के दिए निर्देश

शिवपुरी। जिले में शिक्षा व्यवस्था की हकीकत परखने निकले जिला शिक्षा अधिकारी ने कोलारस विकासखंड के तीन शासकीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जहां कई शिक्षक बिना सूचना के अनुपस्थित मिले, वहीं एक विद्यालय में विद्यार्थियों की कम उपस्थिति पर भी डीईओ ने नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिक्षा की गुणवत्ता से समझौता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

निरीक्षण की शुरुआत शासकीय सांदीपनि उत्कृष्ट माध्यमिक विद्यालय, कोलारस से हुई। यहां प्रार्थना सभा और शिक्षण व्यवस्था संतोषजनक मिली, लेकिन माध्यमिक शिक्षक कल्पना शर्मा, सहायक ग्रेड-3 हरिशंकर मथनैया और भृत्य हेमंत मिश्रा अनुपस्थित पाए गए। डीईओ ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्टीकरण लेने और कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विद्यालय की स्वच्छता, पेयजल, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी जायजा लिया गया। इसके बाद शासकीय मॉडल उत्कृष्ट माध्यमिक विद्यालय, कोलारस में विद्यार्थियों की कम उपस्थिति पर डीईओ ने नाराजगी जताई। उन्होंने स्कूल प्रबंधन को निर्देश दिए कि अनुपस्थित छात्रों के अभिभावकों से संपर्क कर उन्हें नियमित विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित किया जाए। कक्षाओं में विद्यार्थियों से सवाल-जवाब कर पढ़ाई का स्तर भी परखा गया। निरीक्षण के अंतिम चरण में शासकीय एकीकृत माध्यमिक विद्यालय, गोराटीला में अतिथि शिक्षक प्रिंस राठौर और बलवीर गुर्जर अनुपस्थित मिले। डीईओ ने सख्त निर्देश दिए कि शिक्षकों की लापरवाही से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए। साथ ही कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देने, गतिविधि आधारित शिक्षण और सतत मूल्यांकन को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए। डीईओ ने दो टूक कहा कि शिक्षकों की नियमित उपस्थिति, विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत मौजूदगी और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। निरीक्षण में दिए गए निर्देशों के पालन की नियमित मॉनिटरिंग भी की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top