सीएम की सख्ती के बाद प्रमोशन प्रक्रिया में तेजी, 10 हजार पुलिसकर्मियों को मिलेगा लाभ, 410 निरीक्षक बनेंगे डीएसपी

MP DARPAN
0

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा सभी विभागों से पदोन्नति की अद्यतन जानकारी तलब किए जाने के बाद सरकारी महकमों में प्रमोशन प्रक्रिया ने रफ्तार पकड़ ली है। सबसे ज्यादा हलचल गृह विभाग और पुलिस मुख्यालय में देखने को मिल रही है, जहां जल्द ही 10 हजार से अधिक पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों के पदोन्नति आदेश जारी होने की संभावना है। इनमें करीब 410 निरीक्षकों को डीएसपी पद पर पदोन्नत किया जाएगा।

पुलिस विभाग में आरक्षक से प्रधान आरक्षक, प्रधान आरक्षक से एएसआई, एएसआई से एसआई और एसआई से निरीक्षक तक पदोन्नति की सूची तैयार की जा रही है। लोक सेवा पदोन्नति नियम-2025 के तहत उच्च पद प्रभार व्यवस्था समाप्त होने के बाद लंबे समय से रुकी पदोन्नतियों का रास्ता साफ हुआ है। आरक्षक से एएसआई तक की पदोन्नति जिला स्तर पर होगी, जबकि एसआई से ऊपर के पदों पर निर्णय पुलिस मुख्यालय करेगा। निरीक्षक से डीएसपी पदोन्नति के लिए गृह विभाग और लोक सेवा आयोग के बीच आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जाएगी। होमगार्ड और एसएएफ में भी पदोन्नति की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इधर, होमगार्ड मुख्यालय ने संभावित कानूनी विवादों को देखते हुए केविएट दायर की है। सभी डिवीजनल कमांडेंट को निर्देश दिए गए हैं कि यदि पदोन्नति के खिलाफ कोई याचिका दायर होती है तो उसकी जानकारी तत्काल मुख्यालय को उपलब्ध कराई जाए। पुलिस के अलावा नगरीय विकास एवं आवास, जल संसाधन, लोक निर्माण (पीडब्ल्यूडी) और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभागों में भी विभागीय पदोन्नति समितियां (डीपीसी) सक्रिय हो गई हैं। कई जिलों में वरिष्ठता सूची तैयार हो चुकी है और अब नियमों के अनुसार अंतिम पदोन्नति सूची तैयार की जा रही है। गौरतलब है कि 8 जुलाई को मुख्यमंत्री सचिवालय ने सभी विभागों से पदोन्नति की वर्तमान स्थिति की रिपोर्ट मांगी थी। इसके बाद लगभग सभी विभागों में वर्षों से लंबित प्रमोशन प्रक्रिया को तेज गति से आगे बढ़ाया जा रहा है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top