15 करोड़ की मंदिर भूमि पर चला प्रशासन का बुलडोजर, 100 बीघा जमीन अतिक्रमण मुक्त, कब्जाधारियों पर जुर्माना

MP DARPAN
0

शिवपुरी। कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश पर राजस्व विभाग ने मंदिर माफी की करोड़ों रुपये की जमीन पर बड़ा एक्शन लेते हुए ग्राम पिपरसमां स्थित श्री राधाकृष्ण मंदिर की करीब 100 बीघा भूमि को अतिक्रमण से मुक्त करा दिया। बाजार मूल्य लगभग 15 करोड़ रुपये आंकी गई इस भूमि पर वर्षों से अवैध कब्जा था। कार्रवाई के दौरान कब्जाधारियों पर 1.20 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया, जिसमें 95 हजार रुपये की वसूली हो चुकी है।

शिकायत और हल्का पटवारी आनंद यादव की जांच में सामने आया कि ग्राम पिपरसमां के कई लोगों ने मंदिर माफी की जमीन पर अवैध कब्जा कर रखा है। मामले में एसडीएम आनंद सिंह राजावत के निर्देशन में तहसीलदार सिद्धार्थ भूषण शर्मा ने मध्य प्रदेश भू-राजस्व संहिता के तहत प्रकरण दर्ज कर सभी पक्षों को सुनवाई का अवसर दिया। सुनवाई के दौरान कब्जाधारियों ने स्वयं अवैध कब्जा स्वीकार किया, जिसके बाद बेदखली के आदेश जारी कर दिए गए। गुरुवार को तहसीलदार सिद्धार्थ भूषण शर्मा के नेतृत्व में पटवारी आनंद यादव, गजेंद्र गुर्जर, मनीष राजपूत, शिवकुमार शर्मा सहित राजस्व अमले ने मौके पर पहुंचकर सभी अतिक्रमण हटवाए और मंदिर की पूरी भूमि को कब्जामुक्त कर सरकारी अभिरक्षा में ले लिया। कलेक्टर अर्पित वर्मा ने स्पष्ट किया है कि जिले में शासकीय, देवस्थान और मंदिर माफी की जमीनों पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने राजस्व अधिकारियों को ऐसे सभी मामलों में तत्काल बेदखली, जुर्माना और आवश्यक होने पर कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top