खरीफ सीजन में कृषि विभाग का सख्त एक्शन, 6 खाद-बीज विक्रेताओं को नोटिस

MP DARPAN
0

शिवपुरी। खरीफ सीजन में किसानों को नकली या अमानक खाद, बीज और कीटनाशकों से बचाने के लिए कृषि विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष निरीक्षण अभियान के तहत शिवपुरी शहर के विभिन्न कृषि आदान विक्रय केंद्रों की औचक जांच की गई। जांच में अनियमितताएं मिलने पर 6 खाद, बीज एवं कीटनाशक विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।

उप संचालक कृषि डॉ. किरण रावत ने बताया कि किसानों को केवल प्रमाणित और गुणवत्तापूर्ण कृषि आदान उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। नकली, अमानक या बिना अनुमति के खाद, बीज और कीटनाशकों की बिक्री किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि खरीफ सीजन के दौरान यह अभियान लगातार जारी रहेगा। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विक्रेताओं के लाइसेंस, स्टॉक रजिस्टर, विक्रय अभिलेख, बिलिंग व्यवस्था, भंडारण, पैकेजिंग, एमआरपी और गुणवत्ता की गहन जांच की। साथ ही यह भी परखा गया कि किसानों को निर्धारित नियमों के तहत सामग्री दी जा रही है या नहीं। जांच में रिकॉर्ड संधारण और नियमों के पालन में खामियां मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों से जवाब मांगा गया। जिन प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किए गए हैं, उनमें धाकड़ बीज भंडार (सावरकर मार्केट), राजोरिया एंड यादव कृषि सेवा केंद्र, शुक्ला कृषि सेवा (पुराना बस स्टैंड), जय मां कृषि सेवा केंद्र, किसान बाजार और देव अंबर बीज भंडार शामिल हैं। कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही खाद, बीज और कीटनाशक खरीदें, हर खरीद का पक्का बिल लें तथा किसी भी संदिग्ध सामग्री की सूचना तुरंत कृषि विभाग को दें। विभाग ने चेतावनी दी है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top