शिवपुरी। कोलारस आईटीआई केंद्र पर बुधवार को विकासखंड कोलारस और बदरवास की स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय ऋषिश्वर की अध्यक्षता में हुई बैठक में विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति का बारीकी से मूल्यांकन किया गया। कम उपलब्धि वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए, जबकि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों का पूरे सभागार ने तालियां बजाकर सम्मान किया।
बैठक में जिला क्षय अधिकारी डॉ. प्रदीप शर्मा ने टीबी मुक्त भारत अभियान की समीक्षा करते हुए एक्स-रे कार्य समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। वहीं जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. रोहित भदकारिया ने टीकाकरण की कम प्रगति पर संबंधित सीएचओ और एएनएम को सुधार के निर्देश दिए। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुनील खंडोलिया ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए हाई-रिस्क गर्भवतियों को प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने पर जोर दिया। जिला कम्युनिटी मोबिलाइजर जितेंद्र पटेल ने आशा कार्यक्रम, एचबीएनसी और पोर्टल रिपोर्ट की समीक्षा कर कम उपलब्धि वाले कर्मचारियों को दो दिन में लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए। सीपीएचसी सलाहकार सुश्री भदकारिया ने हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों के कार्यों की समीक्षा की। बैठक के दौरान सबसे सख्त कार्रवाई करते हुए न्यूनतम उपलब्धि वाले आशा और एएनएम के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए। साथ ही कोलारस के वीसीएम विवेक पचौरी और बदरवास के वीसीएम दुर्गादास धनौलिया का मानदेय काटने के आदेश भी जारी किए गए। वहीं उत्कृष्ट कार्य के लिए बदरवास की आशा सुपरवाइजर हेमलता को पूरे सभागार ने तालियां बजाकर सम्मानित किया। बैठक में दोनों विकासखंडों के चिकित्सा अधिकारी, सेक्टर सुपरवाइजर, सीएचओ, एएनएम, आशा पर्यवेक्षक और स्वास्थ्य योजनाओं से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे।


