शिवपुरी। विश्व जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा 11 से 18 जुलाई 2026 के तहत परिवार कल्याण कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आशा कार्यकर्ताओं, एएनएम, सीएचओ तथा स्वास्थ्य संस्थानों को सीएमएचओ कार्यालय के सभागार में आयोजित समारोह में सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय ऋषिश्वर ने की। यह आयोजन कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार हुआ।
डॉ. संजय ऋषिश्वर ने कहा कि अभियान का उद्देश्य सही समय पर गर्भधारण, दो बच्चों के बीच उचित अंतराल तथा परिवार नियोजन के स्वैच्छिक साधनों के उपयोग को बढ़ावा देकर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में सुधार लाना है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ अंतराल से परिवार अधिक सुरक्षित, स्वस्थ और खुशहाल बनता है। समारोह में परिवार नियोजन के अस्थायी साधनों के प्रचार-प्रसार और प्रेरणा देने में उत्कृष्ट योगदान के लिए आशा कार्यकर्ताओं लक्मी योगी, सरोज वंस्कार और मनीषा जाटव को ईएसबी योजना में उल्लेखनीय कार्य के लिए सम्मानित किया गया। वहीं मोहिनी वैरागी, शसीमा चंदेल और रजनी वैश्य को अंतरा इंजेक्शन के लिए महिलाओं को प्रेरित करने पर प्रशस्ति पत्र और शील्ड प्रदान की गई। इसके अलावा भदौता, अकाझिरी और नरही उप स्वास्थ्य केंद्रों तथा लुकवासा, मगरूनी और बामौरकला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिला स्वास्थ्य अधिकारी-2 डॉ. प्रदीप शर्मा, सभी विकासखंडों के खंड विस्तार प्रशिक्षक, आईपास डेवलपमेंट फाउंडेशन के संभाग समन्वयक ज्ञानेंद्र दुबे तथा जिला प्रभारी विनय रावत सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


